दही हांडी उत्सव के दौरान लोहे का ढांचा गिरने से पुणे में महिला की मौत, मुंबई में कई 'गोविंदा' घायल
ठाणे जिले में भी उत्सव के दौरान 10 लोग घायल हुए
महाराष्ट्र के पुणे में दही हांडी उत्सव के दौरान लोहे के ढांचे का एक हिस्सा गिरने से 45-वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि मुंबई में कम से कम 32 'गोविंदा' घायल हो गए। ठाणे जिले में भी उत्सव के दौरान 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ उपनगर के 'ओल्ड सांगवी' इलाके की रहने वाली सलमा सलाउद्दीन पठान की मौत शुक्रवार रात दही-हंडी कार्यक्रम के लिए लाउडस्पीकरों को सहारा देने के लिए बनाए गए लोहे के एक अस्थायी ढांचे के गिरने से हो गई।
यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई, जब 'विघ्नहर्ता मंडल' द्वारा आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद कर्मचारी लोहे का ढांचा हटा रहे थे। उन्होंने बताया कि सलमा सलाउद्दीन पठान नामक महिला पर एक भारी हिस्सा गिरा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पठान का बेटा आयोजन करने वाले मंडल से जुड़ा था और उसके परिवार वालों ने आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया और पुलिस से अपील की कि वह स्वत: संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज न करे। दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ढांचे के गिरने की जांच कर रही है। पुणे में त्योहारों के दौरान तेज ध्वनि में संगीत बजाने के खिलाफ स्थानीय कार्यकर्ता विद्यानंद बापट ने मुहिम छेड़ी है। इसी बीच पठान की मौत हुई है।

