बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहते हैं?... स्कूल का जायजा लेने पहुंची CJP टीम से भिड़े लोग, केजरीवाल ने BJP के 'गुंडों' को ठहराया जिम्मेदार
केजरीवाल ने सीजेपी स्वयंसेवकों पर हमले के लिए भाजपा के 'गुंडों' को जिम्मेदार ठहराया
CJP School Inspection : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजस्थान के एक गांव का दौरा करने गए 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के स्वयंसेवकों पर हमला करने का आरोप लगाया। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका के एक पोस्ट का जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि 'भाजपा के गुंडों' ने सीजेपी के स्वयंसेवकों पर हमला किया।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "ये सब क्या हो रहा है देश में? भाजपा के गुंडों ने सीजेपी के स्वयंसेवकों पर बुरी तरह से हमला कर दिया। मार-पीट की, कपड़े फाड़े और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।'' उन्होंने केजरीवाल ने सवाल किया, ''ये सब सिर्फ इसलिए कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए आवाज न उठा सकें? बच्चे पढ़-लिख गए, तो इससे भाजपा को क्या तकलीफ है? ये हमारे बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहते हैं?''
यह घटना राजस्थान के एक गांव में तब हुई, जब सीजेपी की टीम अपने "स्कूल ठीक करो" अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गई थी। इस दौरान कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आए ग्रामीणों ने अवरोधक लगा दिए और सीजेपी टीम को जबरन खदेड़ दिया, जिससे दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
घटना के वीडियो में बड़ी संख्या में लोग सीजेपी टीम के सदस्यों के साथ तीखी बहस करते और गांव में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। कुछ वीडियो में कारों के टूटे हुए शीशे भी दिखाई दिए, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे सीजेपी टीम के वाहन थे। रांका ने आरोप लगाया कि सीजेपी टीम पर हमला राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर किया गया था।

