जो साथ नहीं चलेगा, ‘रिजर्व’ खिलाड़ी की तरह बिठा देंगे : राहुल
कांग्रेस पार्टी की ‘किसान-मजदूर महारैली’ के दौरान शनिवार को बरनाला में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं से गुटबाजी से बचने की सलाह दी। चेतावनी देते हुए राहुल ने कहा, ‘हर काम टीम भावना के साथ...
कांग्रेस पार्टी की ‘किसान-मजदूर महारैली’ के दौरान शनिवार को बरनाला में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं से गुटबाजी से बचने की सलाह दी। चेतावनी देते हुए राहुल ने कहा, ‘हर काम टीम भावना के साथ होता है। अकेला खिलाड़ी कोई मैच नहीं जिता सकता। मेरे सामने पूरी टीम बैठी है। मैं साफ कहना चाहता हूं कि मिलकर चलें। जो साथ नहीं चलेगा उसे ‘रिजर्व’ खिलाड़ी की तरह बिठा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी नेता पार्टी से बड़ा नहीं है।’ साथ बैठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर देखते हुए राहुल ने कहा कि नहीं सुधरने वाले नेता को मैं और खड़गे जी ठीक कर देंगे। राहुल ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके वर्कर हैं, पंजाब में जो भी फैसला होगा वह वर्करों के सम्मान को ध्यान में रखकर होगा।
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘सरेंडर मोदी’ हैं। उन्होंने कहा, ‘मोदी अमेरिका के सामने नाक रगड़ रहे हैं और देश के हितों को बेच रहे हैं।’ खड़गे ने पंजाब के लोगों का आह्वान किया कि उन्हें दो मोर्चों पर लड़ाई लड़नी होगी- एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार है और दूसरी तरफ पंजाब की मौजूदा सरकार। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जमीन और जंगल की रक्षा के लिए कानून लाई है, जबकि मोदी सरकार सब कुछ बेचने पर तुली हुई है। इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विजयइंदर सिंगला, कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, अरुणप्रताप सिंह ढिल्लों, फतेह सिंह बादल, कृष्ण कुमार बावा, महेश लोटा, वरुण बत्ता, जगतार दहिया, गिरधर मित्तल, गुरमेल सिंह मौड़ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता, वर्कर और लोग उपस्थित रहे।
अग्निवीर योजना पर बरसे बाजवा : पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब 2027 का फतवा कांग्रेस के हाथ में देने जा रहा है। राहुल को 2029 में प्रधानमंत्री के रूप में देखने वालों से हाथ उठवाते हुए बाजवा ने कहा, ‘हम पंजाब वाले चाहते हैं कि पंजाब की ‘जय जवान जय किसान’ की पहचान को दोबारा लाएं क्योंकि मोदी सरकार ने अग्निवीर भर्ती योजना से धोखा दिया। सेना में रेगुलर भर्ती होनी चाहिए।
‘भारत-अमेरिका डील से बर्बाद हो जाएंगे किसान’ राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच हुए नए कृषि समझौते पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि संसद में जब वह भाषण दे रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को फोन किया और बिना किसी मंत्री की सलाह लिए डील के लिए हामी भर दी। राहुल ने कहा, ‘इस डील के तहत सोयाबीन, दालें, अखरोट और बादाम का बाजार अमेरिका के लिए खोल दिया गया। इससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और अन्य राज्यों के किसान बर्बाद हो जाएंगे।’ उन्होंने कहा, ‘ट्रंप ने पीएम मोदी का सिर झुकवा दिया।’

