West Bengal News: नाबालिग दुष्कर्म-हत्या के बाद भड़की भीड़ हिंसा मामले में पुलिस ने पांच और लोगों को पकड़ा
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में 11 साल की लड़की से कथित बलात्कार और हत्या के बाद हुई भीड़ की हिंसा और पुलिसकर्मियों पर हमले में शामिल होने के आरोप में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके...
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में 11 साल की लड़की से कथित बलात्कार और हत्या के बाद हुई भीड़ की हिंसा और पुलिसकर्मियों पर हमले में शामिल होने के आरोप में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 35 हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि बारुईपुर पुलिस जिला अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों में रात भर जारी छापेमारी के दौरान इन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
उन्होंने कहा, ''हमने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे भीड़ की हिंसा के मामलों में गिरफ्तार लोगों की संख्या 35 हो गई है। छापेमारी जारी है तथा मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।''
बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''हम इसमें शामिल हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रहे हैं, चाहे वह प्रत्यक्ष हो या अप्रत्यक्ष।'' दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं: एक मामला उस युवक की पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है जिस पर स्थानीय लोगों को अपराध में शामिल होने का शक था और दूसरा मामला अशांति के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है।
अधिकारी ने कहा, ''पुलिसकर्मियों पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध हैं। हमने तकनीकी सबूतों और वीडियो फुटेज के जरिए कई संदिग्धों की पहचान की है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।''
दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में रहने वाली एक लड़की पिछले शनिवार को अपने दोस्त के जन्मदिन पर तोहफा खरीदने के लिए घर से निकली थी और लापता हो गई। उसके परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और एक दिन बाद उसका शव मिला।
शव मिलने के तुरंत बाद भीड़ ने लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या में शामिल होने के संदेह में इंद्रजीत मंडल नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मंडल बेगुनाह था और उसकी पीट-पीटकर हत्या करने वालों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

