West Bengal News: एनआईए की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल घेराव केस में 14 और आरोपियों की गिरफ्तारी
West Bengal News: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में विधानसभा चुनाव से पहले न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मामले में 14 और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कालियाचक और...
West Bengal News: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में विधानसभा चुनाव से पहले न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मामले में 14 और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कालियाचक और मोथाबारी इलाकों में कई स्थानों पर तलाशी के बाद सोमवार रात ये गिरफ्तारियां की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में अब तक 68 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांचकर्ताओं के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पिछले महीने मोथाबारी में न्यायिक अधिकारियों के कथित उत्पीड़न और उन्हें बंधक बनाए जाने की घटना में सीधी संलिप्तता थी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ एक अप्रैल को हिंसक हो गई थी। भीड़ ने सड़कें अवरुद्ध कर दी थीं, वाहनों में तोड़फोड़ की थी और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था।
इस दौरान सात न्यायिक अधिकारियों को मोथाबारी स्थित ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के भीतर बंधक बना लिया गया, जबकि आठवें अधिकारी को करीब नौ घंटे तक एक वाहन में रखा गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''एनआईए घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पहले गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिनके आधार पर पिछले कुछ सप्ताह में कई गिरफ्तारियां की गई हैं।''
