West Bengal News: महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा, यात्रियों ने फेरे बढ़ाने की मांग की
West Bengal News: पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को सभी मार्गों पर सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की, जिससे महिला यात्रियों में खुशी देखी गई। सुबह के व्यस्त समय में काम पर जाने वाली महिलाओं...
West Bengal News: पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को सभी मार्गों पर सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की, जिससे महिला यात्रियों में खुशी देखी गई। सुबह के व्यस्त समय में काम पर जाने वाली महिलाओं ने सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की मांग की।
भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की है।
बालीगंज स्टेशन से मध्य कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित अपने कार्यस्थल के लिए बस में चढ़ने के दौरान माला बिस्वास नामक महिला यात्री ने कहा ''मैं खुश हूं, लेकिन सरकारी बसों के फेरे बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से सरकारी बसों की संख्या में भारी कमी आई है।
दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट से आईटी हब सॉल्ट लेक सेक्टर पांच जा रही सरकारी वातानुकूलित बस में सफर कर रही सुमाना सिंह ने कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में कई सरकारी बस रूट बंद हो गए हैं जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।''
सरकार ने एक जून से पश्चिम बंगाल परिवहन निगम, दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम और उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा निःशुल्क कर दी है।
इस कदम का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण करना और परिवहन सुविधाओं तक उनकी पहुंच में सुधार करना है। राज्य सरकार ने कहा है कि योजना के दुरुपयोग को रोकने के लिए लाभार्थियों की तस्वीरों और नामों के साथ डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे।
