West Bengal Durga Puja 2026 Rules : अष्टमी पर शराब की बिक्री बंद, पूजा में DJ पर रोक; बंगाल सरकार ने बदले कई नियम
राष्ट्रीय राजमार्ग और कोलकाता की 14 सड़कों पर नहीं लगेगा अवरोध, जरूरतमंद पूजा समितियों को ही मिलेगा एक लाख रुपये तक अनुदान
Bengal Durga Puja 2026 Rules : पश्चिम बंगाल की भाजपा नीत सरकार ने 2026 की दुर्गा पूजा को लेकर कई नए नियमों की घोषणा की है। महा अष्टमी के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी। पूजा और विसर्जन जुलूस में DJ बजाने पर रोक रहेगी। राष्ट्रीय राजमार्गों और कोलकाता की 14 सड़कों को पूजा के लिए बंद करने की अनुमति नहीं होगी।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पूजा समितियों से नए दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा आयोजनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों को बाधित नहीं किया जा सकता। कोलकाता की 14 सड़कों को भी पूजा के लिए बंद नहीं किया जाएगा।
बड़े बजट वाली पूजा समितियों को सरकारी सहायता नहीं
सरकार ने दुर्गा पूजा समितियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता की नीति में भी बदलाव किया है। पिछले साल तृणमूल कांग्रेस सरकार ने प्रत्येक पूजा समिति को 1.10 लाख रुपये की सहायता दी थी।
अधिकारी ने कहा कि सरकार बड़े बजट वाली दुर्गा पूजा समितियों को आर्थिक सहायता नहीं देगी। हालांकि, जिन समितियों के लिए सरकारी सहायता के बिना पूजा आयोजित करना संभव नहीं है, उन्हें जांच के बाद एक लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
पूजा समितियों को कुछ रियायतें भी दी गई हैं। उनका बिजली शुल्क माफ किया जाएगा और अग्निशमन लाइसेंस निशुल्क जारी किए जाएंगे।
ईडन गार्डन्स में नहीं होगा दुर्गा पूजा कार्निवल
भाजपा सरकार ने पिछली सरकार के दुर्गा पूजा कार्निवल की जगह ईडन गार्डन्स में चार घंटे का महालया कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम में ड्रोन, आतिशबाजी और रोड शो होंगे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल होंगे। सरकार ने आयोजकों से यह भी कहा है कि थीम आधारित पूजा में सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।
दुर्गा की 11 भुजाओं वाले चित्र पर विवाद
नई घोषणाएं ऐसे समय हुई हैं जब दुर्गा पूजा समन्वय बैठक के सरकारी विज्ञापन में देवी दुर्गा को पारंपरिक 10 के बजाय 11 भुजाओं के साथ दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। तृणमूल कांग्रेस ने इसे बंगाल की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का अपमान बताया।
टीएमसी नेता कुनाल घोष ने भी इस पर सवाल उठाया। बैठक में अधिकारी ने विज्ञापन को गलती बताते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि सुबह एक दोषपूर्ण विज्ञापन प्रकाशित हुआ था और जिम्मेदार लोगों को सावधान किया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने इसे विज्ञापन एजेंसी की गलती बताया और कहा कि इसे राजनीतिक विवाद नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गलती को ठीक कर दिया जाएगा। -एजेंसी इनपुट के साथ

