Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

West Asia Crisis : अमेरिका-इजराइल कार्रवाई के बीच भारत ने दिया शांति का संदेश, युद्ध नहीं वार्ता से सुलझें मूल मुद्दे

भारत ने सभी पक्षों से पश्चिम एशिया में तनाव कम करने का आह्वान किया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

West Asia Crisis : ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए संयुक्त सैन्य हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव को बढ़ने से रोकने का शनिवार को आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।

क्षेत्र में तेजी से बदलती स्थिति पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में भारत ने कहा कि वह ईरान और खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है और तनाव कम करने और मूल मुद्दों को सुलझाने के लिए ''वार्ता और कूटनीति'' का सहारा लिया जाना चाहिए। अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमले के बाद ईरान ने कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समेत पश्चिम एशिया में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की।

Advertisement

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है। मंत्रालय ने कहा कि हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव को बढ़ने से रोकने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। इसने कहा कि तनाव कम करने और मूल मुद्दों को सुलझाने के लिए वार्ता और कूटनीति का सहारा लिया जाना चाहिए। सभी राज्यों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।

Advertisement

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में स्थित उसके मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्होंने उचित परामर्श जारी करते हुए उनसे सतर्क रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। ऐसी जानकारी है कि भारत फिलहाल ईरान, इजराइल या पश्चिम एशिया के किसी अन्य देश से भारतीय नागरिकों को निकालने पर तत्काल विचार नहीं कर रहा है। बयान के अनुसार भारत हमेशा से पश्चिम एशिया के मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है।

इजराइल दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता भारत के सुरक्षा हितों से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है। स्थिति बिगड़ने के मद्देनजर भारत ने ईरान, इजराइल, जॉर्डन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और फलस्तीन में रहने वाले अपने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और सतर्क रहने के लिए परामर्श जारी किया है। ईरान में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी करते हुए उनसे ''अत्यधिक सावधानी बरतने'' और ''जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने'' की अपील की है।

इसमें कहा गया है कि बदलते घटनाक्रम को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है। दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक खबरों पर नजर बनाए रखें, आसपास की स्थिति के प्रति जागरूक रहें और भारतीय दूतावास से मिलने वाले आगे के निर्देशों का इंतजार करें। भारत ने इजराइल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए भी परामर्श जारी करते हुए उन्हें ''अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने'' की सलाह दी है।

Advertisement
×