West Asia Conflict : सरकार का बड़ा फैसला- 23 मार्च से घरेलू हवाई किराए पर लगी सीमा को हटाया
मंत्रालय वास्तविक समय के आधार पर हवाई किराए की निगरानी कर रहा है
West Asia Conflict : सरकार ने घरेलू हवाई किरायों पर लगाई गई अस्थायी सीमा को 23 मार्च से हटाने का फैसला किया है। पिछले साल दिसंबर में इंडिगो की उड़ानों में आई बाधाओं के मद्देनजर इस सीमा को लगाया गया था।
नागर विमानन मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, हवाई किराए पर लगी सीमा को 23 मार्च से हटा दिया जाएगा। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण विभिन्न एयरलाइन को अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। आदेश में मंत्रालय ने यह भी कहा कि एयरलाइन को मूल्य निर्धारण में अनुशासन बनाए रखना और जिम्मेदारी से काम करना आवश्यक है।
एयरलाइन यह सुनिश्चित करेंगी कि किराया उचित, पारदर्शी और बाजार की स्थितियों के अनुरूप बना रहे और यात्रियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि किराए में अत्यधिक या अनुचित वृद्धि के किसी भी मामले और व्यवधान को गंभीरता से लिया जाएगा। मंत्रालय वास्तविक समय के आधार पर हवाई किराए की निगरानी कर रहा है।
आदेश के अनुसार, इंडिगो की उड़ानों में बड़े पैमाने पर व्यवधानों के कारण टिकटों की कीमतों में असामान्य वृद्धि को रोकने के लिए छह दिसंबर को घरेलू हवाई किरायों पर अस्थायी सीमाएं लगाई गई थीं।

