West Asia Conflict : तनाव के बीच PM मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की बात, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अहम चर्चा
मोदी और ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के महत्व के बारे में बात की
West Asia Conflict : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति बहाल करने का समर्थन करता है। इस बातचीत में वैश्विक पोत परिवहन के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के वास्ते ईरान के लिए अमेरिका की ओर से समयसीमा पांच दिन बढ़ाए जाने के एक दिन बाद ट्रंप ने मोदी को फोन किया। मोदी ने कहा कि भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की। इस संबंध में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण पोत परिवहन मार्ग को खुला रखने के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
गोर ने सोशल मीडिया पर कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की अभी बातचीत हुई। उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का महत्व भी शामिल है। ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के वास्ते ईरान के लिए समयसीमा बढ़ा दी है।
वह ईरानी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों को 5 दिन के लिए टाल रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच रणनीतिक रूप से स्थित एक समुद्री परिवहन मार्ग है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोई विवरण साझा किए बिना यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के ''पूर्ण व समग्र समाधान'' के लिए अमेरिका और ईरान के बीच ''सार्थक बातचीत'' हुई है।

