Weather Update: जगाधरी में अंधड़ व बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान, कई जगह पॉपुलर के पेड़ भी टूटे
Weather Update: बीती देर रात हरियाणा के जगाधरी, बूडिया और दादुपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आई तेज बारिश और अंधड़ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज हवाओं के कारण गेहूं की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है और...
Weather Update: बीती देर रात हरियाणा के जगाधरी, बूडिया और दादुपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आई तेज बारिश और अंधड़ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज हवाओं के कारण गेहूं की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है और कई खेतों में फसल जमीन पर गिर गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर पॉपुलर के पेड़ भी टूटकर गिर गए।
स्थानीय किसानों रामकुमार और योगेश ने बताया कि इस समय गेहूं की फसल काफी बढ़ चुकी है। तेज हवा और बारिश के कारण कई खेतों में फसल जमीन पर बिछ गई है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।
अंधड़ के कारण जगाधरी सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश और बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सतीश कुमार का कहना है कि अंधड़ से गेहूं की फसल को कुछ हद तक नुकसान हो सकता है। फिलहाल खेतों से पूरी जानकारी नहीं आई है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।

