Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Weather Update : उत्तराखंड में भारी बारिश... 5 जिलों में अलर्ट; केदारनाथ यात्रा पर बड़ा असर

एहतियातन वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने आज देहरादून समेत 5 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी बारिश का अनुमान जताया है। बारिश के बीच पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने के कारण चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तथा रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिले में सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर एहतियातन वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। उत्तराखंड में 30 जून को मानसून ने दस्तक दी थी और बुधवार तक यह पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया। इसके बाद से देहरादून सहित कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।

Advertisement

देहरादून स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान नरेंद्रनगर में 110 मिलीमीटर, धनोल्टी में 100 मिलीमीटर, खटीमा में 85.5 मिलीमीटर, जौलीग्रांट में 80.4 मिलीमीटर, देहरादून में 79.6 मिलीमीटर, मसूरी में 77.8 मिलीमीटर, लक्सर में 73.5 मिलीमीटर, बनबसा में 72 मिलीमीटर, पंतनगर में 70.6 मिलीमीटर, बड़कोट में 65 मिलीमीटर, रुद्रप्रयाग में 64.5 मिलीमीटर, जखोली में 63 मिलीमीटर और यमकेश्वर में 60 मिलीमीटर बारिश हुई। इसने बताया कि अन्य स्थानों पर भी मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा।

Advertisement

बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। वहीं, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। इसने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। वहीं, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए कहीं-कहीं भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने और एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रुद्रप्रयाग जिले के मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इस मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है।

यातायात जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी की मदद से मलबा और बड़े पत्थर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और मलबा हटने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मार्ग खुलने की आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की।

उधर, चमोली जिले में सुबह से जारी बारिश के बीच चमोली और जोशीमठ के बीच गुलाबकोटी गांव के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों के वाहनों की दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) की मशीनों की मदद से मलबा हटाकर यातायात जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement
×