जाना था लंदन, पहुंच गए ज्यूरिख... एअर इंडिया AI131 फ्लाइट डायवर्ट, 9 घंटे से एयरपोर्ट पर फंसे यात्री हुए परेशान
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी से बिगड़ा सफर, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
Air India Flight Diversion : मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI131 के यात्रियों के लिए सफर उम्मीद से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया। लंदन की सीधी उड़ान के बीच विमान को ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी समस्या के कारण स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद यात्री ज्यूरिख एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में घंटों से फंसे हुए हैं।
9 घंटे से इंतजार, मंजिल अब भी दूर
ज्यूरिख एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री के मुताबिक, यात्री करीब 9 घंटे से वेटिंग एरिया में इंतजार कर रहे हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही कि आगे की यात्रा कब शुरू होगी और वे लंदन कब पहुंचेंगे। मुंबई से सीधे लंदन पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों के लिए अचानक ज्यूरिख में उतरना किसी झटके से कम नहीं रहा।
ब्रिटेन में तकनीकी गड़बड़ी से उड़ानें प्रभावित
ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी ने उड़ानों के संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस गड़बड़ी के चलते 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि हीथ्रो समेत कई एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबी देरी का सामना करना पड़ा।
सिस्टम ठीक, लेकिन शेड्यूल अब भी अस्त-व्यस्त
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज के अनुसार, फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में समस्या आई थी। तकनीकी टीम ने इसे ठीक करने की कोशिश की और कुछ उड़ानों का संचालन भी दोबारा शुरू हुआ, लेकिन पहले से बिगड़ा हुआ फ्लाइट शेड्यूल सामान्य होने में समय लग रहा है।

