Vijay Tamil Nadu CM: नई पीढ़ी, नई आवाज और नई कल्पना, राहुल गांधी ने विजय के शपथग्रहण पर कहा
कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा कीं
Vijay Tamil Nadu CM: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को सी जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि राज्य ने एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज तथा एक नई कल्पना को चुना है।
गांधी ने चेन्नई में विजय के शपथग्रहण समारोह में भाग लिया और कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा कीं। विजय ने रविवार को एक भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में 60 वर्षों बाद पहली बार गैर-द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) और गैर-अन्नाद्रमुक (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) सरकार बनी है।
विपक्ष के नेता ने 'एक्स' पर कहा कि तमिलनाडु ने चुनाव कर लिया है। एक नई पीढ़ी। एक नई आवाज। एक नई कल्पना। थिरु विजय को मेरी शुभकामनाएं - आशा है कि वह तमिलनाडु की जनता की आशाओं को पूरा करेंगे।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि लंबे समय से राज्य की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित करने वाले आदर्श टीवीके प्रमुख के नेतृत्व में सरकार को आगे भी दिशा देते रहेंगे।

