Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Vajpayee Birth Centenary : अटल स्मृति वर्ष में हरियाणा BJP का विराट अभियान, 25-31 दिसंबर तक हर विधानसभा में होगा सम्मेलन

भाजपा ने 24 दिसंबर को अटल जी की स्मृति को समर्पित एक विशेष दिन के रूप में मनाने का निर्णय लिया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Vajpayee Birth Centenary : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में अब तक का सबसे बड़ा स्मृति अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है।

भाजपा ने 25 से 31 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक साथ ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ आयोजित करने का फैसला किया है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में अटल चौक, अटल उद्यान, अटल मार्ग और अटल प्रतिमाओं की स्थापना का भी रोडमैप तैयार किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने अभियान की रूपरेखा जारी करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति की आत्मा थे। उनकी स्मृति को स्थायी और जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisement

प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली के अनुसार, अटल स्मृति वर्ष के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक चौक, चौराहा, सड़क या उद्यान का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा। जहां-जहां नामकरण होगा, वहां अटल जी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। 90 विधानसभाओं में होने वाले अटल स्मृति सम्मेलनों में तीन वक्ता अटल जी के जीवन, विचार, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालेंगे। यह सम्मेलन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की वैचारिक विरासत को जमीन से जोड़ने का माध्यम होंगे।

Advertisement

सप्ताहभर सुशासन यात्राएं, प्रभात फेरियां और सेवा कार्य

भाजपा ने अटल स्मृति वर्ष को केवल भाषणों तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का फैसला किया है। 25 से 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में सुशासन यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रभात फेरियां आयोजित होंगी। रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। जिला और शहर स्तर पर कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी का आयोजन होगा। इन आयोजनों के जरिए अटल जी के सुशासन, समावेशी विकास और राष्ट्रवाद के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।

24 दिसंबर को दीपोत्सव कार्यक्रम

भाजपा ने 24 दिसंबर को अटल जी की स्मृति को समर्पित एक विशेष दिन के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दिन प्रदेशभर में अटल वाजपेयी की सभी प्रतिमाओं और स्मारकों की विशेष सफाई और रखरखाव अभियान चलाया जाएगा। शाम को हर भाजपा कार्यालय में अटल की प्रतिमा के समक्ष दीपोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम को पार्टी संगठन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भागीदारी से भव्य रूप दिया जाएगा।

अमित शाह करेंगे मूर्ति अनावरण

अटल स्मृति वर्ष का सबसे बड़ा कार्यक्रम 25 दिसंबर को पंचकूला में होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को हरियाणा पहुंचेंगे, जबकि 25 दिसंबर को पंचकूला में अटल बिहारी वाजपेयी की 51 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस अवसर पर बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे। अटल स्मृति सम्मेलनों के दौरान हाल ही में लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए भाषण को भी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया और सुनाया जाएगा।

बनी प्रदेश स्तरीय समन्वय टोली

पूरे अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तरीय समन्वय टोली का गठन किया है। इसकी संयोजक प्रदेश महामंत्री डॉ़ अर्चना गुप्ता को बनाया गया है। टोली में प्रदेश सचिव राहुल राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग, पूर्व विधायक जगदीश नैय्यर और रवि बतान को शामिल किया गया है। जिला स्तर पर भी पांच-पांच सदस्यों की टोलियां बनाई जाएंगी, जो स्थानीय कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेंगी।

अटल के सपने मोदी के नेतृत्व में हो रहे साकार : बड़ौली

प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत को 21वीं सदी में ले जाने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने, मजबूत बुनियादी ढांचे और सुशासन का जो सपना अटल बिहारी वाजपेयी ने देखा था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी राजनीति के अजातशत्रु थे, जिनकी स्वीकार्यता हर दल में थी। आज भी उनके विचार और कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। अटल की योजनाओं को मोदी सरकार और हरियाणा में नायब सैनी सरकार लगातार धरातल पर उतार रही है।

पानीपत में बड़ी संगठनात्मक बैठक

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि अटल स्मृति वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। शुक्रवार तक जिलों की टोलियां गठित कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पानीपत स्थित भाजपा कार्यालय श्याम कमल में सुबह 11 बजे एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और कार्यक्रम संयोजक डॉ़ अर्चना गुप्ता सभी जिला संयोजकों और सह संयोजकों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे।

Advertisement
×