Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Uttarakhand Weather Alert : उत्तराखंड के चमोली में बारिश का कहर... तमक नाला उफान पर, वैली ब्रिज बहा

चमोली जिले में तमक नाले में आई बाढ़, नीती घाटी को जोड़ने वाला पुल बहा, एक व्यक्ति लापता

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Uttarakhand Weather Alert : उत्तराखंड में चमोली जिले की नीती घाटी को जोड़ने के लिए तमक नाले पर बना 'बेली ब्रिज' सोमवार को अतिवृष्टि के कारण नाले में आयी बाढ़ के साथ बह गया जबकि एक व्यक्ति और एक वाहन के भी बह जाने की सूचना है। अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। इस पुल के बह जाने से तमक से आगे जुम्मा से लेकर नीती समेत एक दर्जन गांव और सीमा क्षेत्र का सड़क संपर्क से कट गया है।

Advertisement

पिछले कई वर्षों से तमक नाले में बाढ़ और भूस्खलन के कारण जोशीमठ-नीती मोटर सड़क बाधित होती रही है। तमक नाले में बाढ़ के मलबे के कारण अनेक बार उसके समीप स्थित धौली गंगा में अवरोध उत्पन्न हुआ है। चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन के जोशी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) से सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाले राजमार्ग पर बना बेली ब्रिज तमक नाले की बाढ़ में बह गया है। उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है और एक-दो‌ दिन में आवागमन की व्यवस्था हो जाएगी।

Advertisement

कुछ साल पूर्व तमक नाले पर बना पक्का पुल बाढ़ की चपेट में आ गया था जिसके बाद बीआरओ ने 'बेली ब्रिज' के जरिए आवागमन शुरू कराया था। सोमवार को इस बेली ब्रिज के बह जाने से तमक से आगे जुम्मा से लेकर नीती समेत एक दर्जन गांव और सीमा क्षेत्र का सड़क संपर्क से कट गया है। चमोली जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, तमक नाले में बाढ़ में एक व्यक्ति और एक वाहन के बह जाने की सूचना भी मिली है। हालांकि, विस्तृत जानकारी की अभी प्रतीक्षा है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है जबकि प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

तमक नाले में बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Advertisement
×