Uttarakhand Tunnel Accident : चमोली सुरंग हादसे में बड़ा रेस्क्यू अपडेट, 16 मजदूर सुरक्षित बाहर निकाले गए; 3 अब भी फंसे
चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से फंसे 19 में से 16 मजदूरों को बचाया गया, बचाव अभियान जारी
Uttarakhand Tunnel Accident : चमोली जिले के मायापुर में वीरवार को एक निर्माणाधीन सुरंग में मलबा एवं पानी भरने से अंदर फंसे 19 मजदूरों में से 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया जबकि बाकी फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। यह हादसा बृहस्पतिवार शाम को चमोली जिले के मायापुर-हाट में बिष्णुगाढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और सुरंग में फंसे तीन लोगों को भी जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में शाम सात बजे के आसपास मलबा एवं पानी भरने की सूचना मिली थी जिससे सुरंग में कार्य कर रहे लगभग 19 मजदूर फंस गये थे। पुलिस, जिला प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल जैसी कई एजेंसियां बचाव अभियान संचालित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सुरंग में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं, डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवानों द्वारा मौके पर वर्तमान में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

