Uttarakhand Road Accident: टिहरी गढ़वाल में डंपर ने कार को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत, दो घायल
Uttarakhand Road Accident: टिहरी गढ़वाल जिले में सोमवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग पर डंपर और कार की टक्कर में भाई-बहन की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब सवा सात बजे...
Uttarakhand Road Accident: टिहरी गढ़वाल जिले में सोमवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग पर डंपर और कार की टक्कर में भाई-बहन की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब सवा सात बजे मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में मालागूंठी के पास हुआ जब ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही कार की विपरीत दिशा से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई।
थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची।
टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में मालागूंठी के पास दो वाहनों की टक्कर में कार सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी, जबकि डंपर श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। #accident #rescue pic.twitter.com/BJ0cdpnu5u
— Akashvani News Uttarakhand 🇮🇳 (@airnews_ddn) August 31, 2026
बचावकर्मियों ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर चारों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चौहान ने बताया कि उपचार के दौरान श्रीनगर निवासी ऋषभ (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24) ने दम तोड़ दिया।
कीर्तिनगर निवासी सुहानी (20) और श्रीनगर निवासी ईशानी (20) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब तकनीशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत थे।
उनके पिता भी सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

