Uttarakhand Cabinet : धामी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार, पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ
राजभवन/लोक भवन में आयोजित समारोह में खजान दास, मदन कौशिक सहित 5 विधायकों को राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ; भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में ली शपथ
Uttarakhand Cabinet : उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार कर लिया है। शुक्रवार सुबह देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित एक सादे और गरिमामय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही धामी कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर अपने अधिकतम संवैधानिक आंकड़े (12) तक पहुंच गई है।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिन पांच विधायकों को कैबिनेट में जगह मिली है, उनमें देहरादून के राजपुर रोड से विधायक खजान दास, रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी, हरिद्वार से मदन कौशिक, रुड़की से प्रदीप बत्रा और भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। इस दौरान रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
पहली बार मंत्री बने तीन चेहरे
इस मंत्रिमंडल विस्तार में अनुभव और नए जोश का तालमेल देखने को मिला है। विधायक भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को उनके राजनीतिक करियर में पहली बार मंत्री पद संभालने का अवसर मिला है। वहीं, वरिष्ठ विधायक खजान दास और मदन कौशिक पहले भी राज्य सरकार में मंत्री पद की अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इन पांचों मंत्रियों के शामिल होने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के बीच एक राजनीतिक संतुलन स्थापित करने की कोशिश की गई है।
अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य
मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों को समान प्रतिनिधित्व देने के इस प्रयास को अगले वर्ष (2027) की शुरुआत में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और उसे आगे बढ़ने का अवसर मिले। हम सभी टीम भावना से राज्य की जनसेवा के प्रति समर्पित होकर काम करेंगे।"

