भारत-पाक टकराव रोकने का दावा US राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर दोहराया, बोले- ‘एक करोड़ लोगों की जान बची’
India-Pakistan Conflict: फ्लोरिडा में कार्यक्रम के दौरान कहा, पाक पीएम शहबाज शरीफ ने दिया था श्रेय
India-Pakistan Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यह दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव को रुकवाकर लाखों लोगों की जान बचाई। ट्रंप ने यह बात शुक्रवार को फ्लोरिडा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने एक साल से भी कम समय में कई शांति समझौते कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने के लिए उन्हें श्रेय दिया था। ट्रंप के मुताबिक, “पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप ने कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाई। यह सम्मान की बात है।”
‘एक साल में आठ शांति समझौते’ का दावा
ट्रंप ने कहा, “एक साल से भी कम समय में हमने आठ शांति समझौते कराए और गाजा में युद्ध समाप्त कराया। पश्चिम एशिया में शांति है। किसी ने नहीं सोचा था कि यह संभव होगा।” उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने परमाणु हथियारों से लैस दो पड़ोसी देशों भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने में अहम भूमिका निभाई और दोनों को युद्ध की स्थिति में जाने से रोका।
बार-बार दोहरा चुके हैं दावा
गौरतलब है कि ट्रंप यह दावा पहले भी कई बार कर चुके हैं। पिछले वर्ष 10 मई से अब तक वह करीब 80 बार यह कह चुके हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव को उन्होंने रुकवाया। उन्होंने पहली बार 10 मई को सोशल मीडिया पर यह दावा किया था कि कथित तौर पर अमेरिका की मध्यस्थता में हुई “रात भर चली लंबी बातचीत” के बाद दोनों देश टकराव को “पूरी तरह और तत्काल” रोकने पर सहमत हुए। हालांकि, भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ अपने द्विपक्षीय मामलों में किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करता।

