Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

US राष्ट्रपति ट्रंप ने गिनाईं एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां, फिर किया भारत-पाक संघर्ष रोकने का दावा

India-Pakistan Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष समाप्त कराना भी शामिल है। ट्रंप ने कहा कि उनके विचार से दोनों देश...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

India-Pakistan Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष समाप्त कराना भी शामिल है। ट्रंप ने कहा कि उनके विचार से दोनों देश ''परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे'' और उन्होंने इस ''युद्ध को रोककर लाखों लोगों की जान'' बचाई।

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ''10 महीनों में आठ ऐसे युद्ध खत्म कराए जो थम नहीं रहे थे।'' उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''ये ऐसे युद्ध थे जो खत्म नहीं हो रहे थे-कंबोडिया और थाईलैंड वर्षों से लड़ रहे थे, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा। पाकिस्तान और भारत- वे सच में एक-दूसरे से लड़ रहे थे। आठ विमान गिराए गए। मेरे हिसाब से वे परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे।''

Advertisement

ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' के संवाददाता सम्मेलन कक्ष में कहा कि पिछले साल वाशिंगटन में उनसे मिलने आए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा था कि '' 'राष्ट्रपति ट्रंप ने एक करोड़ लोगों की जान बचाई और शायद उससे भी कहीं ज्यादा।' वे दोनों परमाणु देश हैं।''

Advertisement

करीब 105 मिनट तक चले संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने एक बार फिर भारत एवं पाकिस्तान के बीच युद्ध खत्म कराने का श्रेय खुद को दिया। जब ट्रंप से पूछा गया कि उनके नोबेल शांति पुरस्कार जीतने से आम अमेरिकियों के जीवन में कैसे सुधार होता तो उन्होंने कहा कि दुनिया भर में आठ युद्ध खत्म कर उन्होंने संभवतः करोड़ों लोगों की जान बचाई।

ट्रंप ने कहा, ''आप उन युद्धों में से किसी एक को भी देखें तो आप लाखों लोगों की बात कर रहे हैं। आप उसे आठ गुना कर दें लेकिन जब आप केवल भारत एवं पाकिस्तान को देखते हैं तो वह संख्या एक, डेढ़, दो करोड़ लोगों की हो सकती थी। यह उससे भी ज्यादा हो सकती थी इसलिए मैंने लाखों लोगों की जान बचाई। तो मेरे लिए यही बड़ी बात है।''

'व्हाइट हाउस' ने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों का एक विस्तृत संकलन जारी किया। '365 विन्स इन 365 डेज: प्रेसिडेंट ट्रंप्स रिटर्न मार्क्स न्यू एरा ऑफ सक्सेस, प्रॉस्पेरिटी' (365 दिनों में 365 जीत: राष्ट्रपति ट्रंप की वापसी से सफलता और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत) शीर्षक वाले बयान में कहा गया, ''आज से एक वर्ष पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप समृद्धि बहाल करने, सीमा को सुरक्षित करने, अमेरिका की ताकत को और मजबूत करने तथा अमेरिकियों को प्राथमिकता देने के मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में लौटे थे। राष्ट्रपति ट्रंप ने मात्र 365 दिन में आधुनिक इतिहास में किसी भी राष्ट्रपति के कार्यकाल के सबसे सफल प्रथम वर्ष के साथ वास्तव में परिवर्तनकारी परिणाम दिए हैं।'' '

वैश्विक मंच पर अमेरिकी नेतृत्व को पुनः स्थापित करना' शीर्षक वाले अनुभाग के तहत 'व्हाइट हाउस' के बयान में ट्रंप की उपलब्धियों में से एक के रूप में 'भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापित करने' का उल्लेख किया गया है। ट्रंप ने 20 जनवरी, 2025 को दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभाला था। ट्रंप अब तक करीब 90 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव रुकवाया।

उन्होंने पहली बार पिछले साल 10 मई को सोशल मीडिया पर कहा था कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में ''रात में हुई लंबी बातचीत'' के बाद भारत और पाकिस्तान सैन्य टकराव ''पूर्ण और तत्काल'' रोकने पर सहमत हुए। इसके बाद से ट्रंप सैन्य संघर्ष रुकवाने का लगातार दावा करते रहे हैं जबकि भारत किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार करता रहा है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें कई युद्ध खत्म कराने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, ''जिन-जिन देशों में उन्होंने संघर्ष समाप्त कराया, उन सभी के नेताओं ने उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया था।'' उन्होंने उन्हें नोबेल न देने को लेकर नॉर्वे पर भी निशाना साधा, जहां से नोबेल शांति पुरस्कार विजेता का चयन करने वाली नॉर्वेजियन नोबेल समिति अपना कामकाज करती है।

ट्रंप ने कहा, ''मेरे मन में नॉर्वे के प्रति सम्मान समाप्त हो गया है। मेरा मानना है कि नॉर्वे नोबेल पुरस्कार को नियंत्रित करता है लेकिन आपको समझना होगा कि मैंने आठ युद्धों का समाधान कराया।'' उन्होंने कहा कि उनके मन में वेनेजुएला की विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो के प्रति ''बहुत सम्मान'' है जिन्होंने अपना 2025 नोबेल शांति पुरस्कार पिछले सप्ताह 'व्हाइट हाउस' में ट्रंप को सौंपा।

ट्रंप ने फिर दोहराया मध्यस्थता का दावा, कांग्रेस ने किया प्रधानमंत्री पर तंज

कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा एक बार फिर किए जाने के बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके 'अच्छे मित्र' 70 बार यह बात दोहरा चुके हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''कल से पहले गिनती 68 थी। मंगलवार को ही यह गिनती 69 नहीं बल्कि 70 हो गई - एक बार उनके व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन के शुरुआती वक्तव्य में और बाद में सवाल जवाब के दौरान। प्रधानमंत्री के 'अच्छे मित्र' और जिनसे कई बार जबरन गले मिला गया है, ने इतनी बार (70) घोषणा की है कि वह 10 मई, 2025 को ऑपरेशन सिन्दूर के अचानक और अप्रत्याशित रूप से रोके जाने के लिए जिम्मेदार थे।''

Advertisement
×