US Iran Tension Market: अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल में उछाल से बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 537 अंक लुढ़का; रुपया 20 पैसे टूटकर 95.16 पर
US Iran Tension Market: बुधवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 77,642 पर, निफ्टी 24,235 पर फिसला; ब्रेंट क्रूड 76.05 डॉलर प्रति बैरल, डॉलर मजबूत होने से रुपये पर दबाव
US Iran Tension Market: अमेरिका-ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सेंसेक्स तथा निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 537.83 अंक लुढ़ककर 77,642.89 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 163.55 अंक फिसलकर 24,235.15 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, सन फार्मा, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर बढ़त में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76.05 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। हालांकि, यह अब भी अनुकूल स्तर पर बना हुआ है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 104.35 अंक और निफ्टी 31.65 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर 95.16 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.16 पर आ गया। होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने के कुछ घंटों बाद अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान के खिलाफ हमले किए। इससे दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के वास्ते हुए अंतरिम समझौते पर खतरा खड़ा हो गया है।
इस घटनाक्रम से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है और अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ जिससे रुपये पर दबाव बना। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत से भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव पड़ा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.15 प्रति डॉलर पर खुला।
बाद में फिसलकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.16 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 20 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 47 पैसे की मजबूती के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.96 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.08 पर रहा।
