Epstein File पर बवाल, लोकसभा में हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकसभा में हंगामा
Hardeep Singh Puri: राहुल गांधी के आरोपों के बाद पुरी मामले पर दे चुके हैं सफाई
Hardeep Singh Puri: अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन (Jeffrey Epstein) से जुड़ी फाइलों को लेकर वैश्विक स्तर पर विवाद छिड़ा हुआ है। भारत में तब सियासत गरमा गई जब इन फाइलों में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी (Hardeep Singh Puri) का नाम सामने आने का दावा किया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के आरोपों के बाद पुरी ने स्पष्ट किया कि उनकी एपस्टीन से कुछ औपचारिक मुलाकातें हुई थीं, जिनका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध नहीं था। शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष ने पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर नौ मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में शुक्रवार को विपक्षी सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा और नारेबाजी की जिसके कारण सदन की बैठक शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
बैठक शुरू होते ही पीठासीन सभापति संध्या राय ने पूर्व सांसद डॉ. भगवान दास राठौड़ के निधन की सूचना सदन को दी और सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत पूर्व सदस्य को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जैसे ही पीठासीन सभापति ने प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य केंद्रीय मंत्री पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाने लगे और आसन के समीप आ गए।
इस बीच कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने अपना पूरक प्रश्न पूछा जिसका जवाब स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शोर-शराबे के बीच ही किया। पीठासीन सभापति संध्या राय ने हंगामा कर रहे सदस्यों से अपने स्थान पर जाकर बैठने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।
हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने बैठक पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों के बाद केंद्रीय मंत्री पुरी ने बुधवार को सफाई देते हुए कहा था उनकी मुलाकात जेफ्री एप्स्टीन से ''कुछ मौकों पर'' हुई थी, लेकिन उसके साथ हुई बातचीत का उन अपराधों से कोई लेना-देना नहीं था जिनमें अमेरिकी यौन अपराधी शामिल था।
विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन
विपक्षी सांसदों ने एप्सटीन फाइल से जुड़े मामले में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार के निकट एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और 'हरदीप पुरी इस्तीफा दो' के नारे लगाए।
उन्होंने एक बड़ा बैनर भी ले रखा था जिस पर जेफ्री एप्सटीन और पुरी की तस्वीर थी। पेट्रोलियम मंत्री पुरी ने उनके खिलाफ आरोप लगाने के लिए बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा था कि उनकी मुलाकात जेफ्री एप्स्टीन से ''कुछ मौकों पर'' हुई थी, लेकिन उसके साथ हुई बातचीत का उन अपराधों से कोई लेना-देना नहीं था जिनमें अमेरिकी यौन अपराधी शामिल था। पुरी का स्पष्टीकरण गांधी के उस दावे के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्रीय मंत्री का नाम अमेरिका में जारी 'एप्स्टीन फाइल्स' में सामने आया है।

