Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

UP News : वायरल ऑडियो से मचा बवाल, बलात्कार पीड़िता से अश्लील बातचीत करने पर पुलिस अधिकारी निलंबित

उप्र : बलात्कार पीड़िता से मोबाइल फोन पर अश्लील बातें करने का आरोपी इंस्पेक्टर निलंबित

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

UP News : बलिया जिला मुख्यालय पर स्थित पुलिस कार्यालय की अपराध शाखा में कार्यरत एक इंस्पेक्टर को एक कथित बलात्कार पीड़िता से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित रूप से जिला मुख्यालय पर पुलिस कार्यालय की अपराध शाखा में कार्यरत इंस्पेक्टर नरेश मलिक पिछले दिनों उभांव थाने पर अपराध निरीक्षक के पद पर तैनाती के समय एक कथित बलात्कार पीड़िता युवती से मोबाइल फोन पर बातचीत में अभद्र और अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए सुनाई दे रहा है।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, उभांव थाने में गत 20 फरवरी को 33 वर्षीया एक युवती की तहरीर पर बिल्थरा रोड में वन विभाग में दारोगा के पद पर तैनात उग्रसेन कुमार जायसवाल के विरुद्ध बलात्कार तथा धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। दर्ज प्राथमिकी में युवती ने शिकायत की है कि उग्रसेन ने शादी का झांसा देकर उसके साथ तकरीबन छह माह तक बलात्कार किया और अब शादी करने से इंकार करते हुए इसकी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

Advertisement

बलात्कार पीड़िता ने पुलिस उप महानिरीक्षक को भेजे गये शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि दर्ज प्राथमिकी में आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल करने की आड़ लेकर उभांव थाने के प्रभारी संजय शुक्ला और तत्कालीन अपराध निरीक्षक नरेश मलिक ने उसे फोन करके अभद्र और अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए अकेले में मिलने के लिए बुलाया, और यह भी कहा कि जब वह उन्हें 'संतुष्ट' कर देगी तो उसकी मदद कर दी जाएगगी।

सूत्रों के मुताबिक, युवती का आरोप है कि अपराध निरीक्षक नरेश मलिक ने बातचीत के दौरान उसे अपनी मांग पूरी होने पर धन देने की भी पेशकश की। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि सोमवार को उनके संज्ञान में यह मामला आने पर उन्होंने निरीक्षक नरेश मलिक को मंगलवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करके मामले की जांच के आदेश दिये हैं।

उन्होंने बताया कि मामले में उभांव थाने के प्रभारी संजय शुक्ला की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सिंह ने बताया कि उत्तरी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला को मामले की जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
×