UP News: परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी के चार महीने बाद दंपति में अनबन, ...और फिर खतरनाक हुआ अंजाम
Sad End of Love Marriage: दंपति के बीच किस बात पर विवाद हुआ, जांच कर रही पुलिस
Sad End of Love Marriage: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कथित तौर पर एक युवक ने धारदार हथियार से गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अरुण शर्मा (22) निवासी बढ़ई टोला, तरयासुजान और उसकी पत्नी नेहा, निवासी विशुनपुरा के रूप में हुई है। दोनों ने चार माह पहले नवंबर 2025 में प्रेम विवाह किया था।
घर में हुआ विवाद, फिर वारदात
गांव के लोगों के मुताबिक, रविवार रात करीब नौ बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद अरुण ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अरुण ने छत की कुंडी से फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही तरयासुजान थाना प्रभारी रामसहाय चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
परिवार की मर्जी के खिलाफ हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, अरुण और नेहा ने दोनों परिवारों की मर्जी के खिलाफ मंदिर में शादी की थी। हालांकि, बाद में अरुण के परिजन इस विवाह के लिए राजी हो गए थे और दंपती उसके पैतृक घर में रह रहे थे।
जांच जारी
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसका अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

