UP News : अयोध्या में कृष्ण भक्ति में डूबेंगे अखिलेश यादव, धार्मिक आयोजन में करेंगे पूजा-अर्चना; जानिए पूरा कार्यक्रम
अयोध्या में अगले सप्ताह धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे अखिलेश यादव
UP News : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अगले सप्ताह गुरुवार को अयोध्या में एक धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं अयोध्या के पूर्व सपा विधायक तेज नारायण पांडेय कर रहे हैं।
सपा के मुताबिक, अखिलेश यादव के इस धार्मिक आयोजन में संभवत: करीब दो घंटे रहेंगे। वह इस दौरान पूजा-अर्चना करेंगे, भगवान कृष्ण के जीवन पर धार्मिक प्रवचन सुनेंगे और राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। पांडेय आठ दिवसीय 'श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ' का आयोजन कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत शुक्रवार को हुई। इसमें हर दिन श्रद्धालुओं को भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी कथाएं सुनाई जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रमुख धर्मगुरु प्रवचन दे रहे हैं।
तेज नारायण पांडेय ने कहा कि जिस दिन समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव इस भव्य धार्मिक समारोह में शामिल होंगे, उस दिन राज्य और देश भर से श्रीकृष्ण के भक्त भगवान कृष्ण पर अंतिम प्रवचन सुनने और भंडारे में भोजन करने आएंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए 10 बीघा से ज्यादा जमीन पर इंतजाम किए गए हैं और भंडारा 24 घंटे तक चलने की उम्मीद है। पांडेय ने बताया कि अखिलेश यादव उनके निमंत्रण पर आयोजन में शामिल होंगे।

