Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

पटियाला की निजी यूनिवर्सिटी में दो छात्राओं की आत्महत्या की अपुष्ट खबर से प्रदर्शन, पुलिस वाहन में तोड़फोड़

चंडीगढ़ के पास राजपुरा स्थित यूनिवर्सिटी में शुक्रवार रात छात्रों ने किया प्रदर्शन; यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आत्महत्या की घटना से किया इनकार, पुलिस ने जांच शुरू की

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

पटियाला के राजपुरा के पास स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने शुक्रवार रात दो छात्राओं के परिसर में आत्महत्या करने की अपुष्ट खबरों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ छात्रों ने कथित तौर पर पंजाब पुलिस के एक गश्ती वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि वह पूरे मामले की जांच कर रही है।

राजपुरा के पास स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी के प्रशासन ने हालांकि परिसर में आत्महत्या की किसी घटना से इनकार किया है और छात्रों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। यूनिवर्सिटी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी कुछ छात्रों की ओर से किए जा रहे अपुष्ट दावों को लेकर उसके परिसर की टीम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

Advertisement

शुक्रवार रात यूनिवर्सिटी परिसर में छात्रों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ छात्रों द्वारा पंजाब पुलिस के एक गश्ती वाहन को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो छात्राओं से संबंधित आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर से पुलिस को शिकायत मिली है।

Advertisement

छात्रों ने यह भी सवाल उठाए कि क्या गर्ल्स हॉस्टल से कथित तौर पर चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं और क्या यूनिवर्सिटी प्रशासन को इस संबंध में किसी घटना की जानकारी थी। चितकारा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार कर्नल राकेश शर्मा (सेवानिवृत्त) ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। उन्होंने परिसर में ऐसी किसी घटना से स्पष्ट रूप से इनकार किया। उन्होंने कहा, “यूनिवर्सिटी में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। ये सभी अफवाहें हैं।”

बनूड़ के डीएसपी सुखदेव सिंह, राजपुरा के एसएचओ गुरसेवक सिंह और राजपुरा सदर के एसएचओ कृपाल मोही यूनिवर्सिटी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी ने बताया कि छात्रों का दावा है कि दो छात्राएं लापता हैं। उन्होंने कहा, “हमने यहां छात्रों से मुलाकात की और उनकी शिकायत प्राप्त की है। लेकिन किसी को पता नहीं है कि कौन लापता है। उन्हें किसी लापता लड़की का नाम तक नहीं पता है। हालांकि, यह अफवाह है कि दो लड़कियां लापता हैं।”

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रों की शिकायत प्राप्त की गई है और इसकी जांच की जाएगी। पुलिस यह भी सत्यापित करेगी कि क्या कोई छात्रा वास्तव में लापता है। अगर ऐसा पाया जाता है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

चितकारा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए छात्रों से विभिन्न समूहों में प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी छात्रों की ओर से किए जा रहे अपुष्ट दावों को दूर करने के लिए यूनिवर्सिटी की टीम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

यूनिवर्सिटी ने कहा कि वह अपने छात्र समुदाय को हर समय सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, शनिवार 26 सितंबर के लिए निर्धारित सभी शैक्षणिक और प्लेसमेंट गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। प्रशासन ने छात्रों से अपील की कि वे केवल यूनिवर्सिटी की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी वास्तविक चिंता या शिकायत की जानकारी सीधे यूनिवर्सिटी अधिकारियों को दें। (एजेंसी के इनपुट के साथ)

Advertisement
×