Firing in Amritsar: अमृतसर में 30 मिनट के भीतर दो फायरिंग की घटनाएं, रंगदारी से जोड़कर देख रही पुलिस
Firing in Amritsar: नाथ दी खुई और राइया में ज्वेलर्स व कजारिया शोरूम को बनाया निशाना; व्यापारियों में दहशत, CCTV खंगाल रही पुलिस
Firing in Amritsar: पंजाब के अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में रविवार शाम करीब 30 मिनट के भीतर हुई दो फायरिंग की घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। दोनों घटनाओं को कथित रंगदारी मांग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
पहली घटना शाम करीब 6:32 बजे नाथ दी खुई इलाके में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने धल्ला ज्वेलर्स के बाहर गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि यह दुकान चनांके गांव निवासी अंग्रेज सिंह की है, जिन्हें निशाना बनाया गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन फायरिंग के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भय का माहौल बन गया।
इसके करीब आधे घंटे बाद दूसरी वारदात राइया में ब्यास थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। यहां बाइक सवार दो हमलावरों ने एक कजारिया शोरूम के बाहर करीब आठ राउंड फायरिंग की। यह शोरूम हरप्रीत सिंह हैप्पी का बताया जा रहा है, जो वार्ड नंबर-4 से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार हैं। वह पूर्व एसजीपीसी सदस्य और राइया नगर समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय गुरविंदर पाल सिंह राइया के बेटे हैं।
सूत्रों के अनुसार हरप्रीत सिंह को पहले भी कथित तौर पर रंगदारी से जुड़ी धमकियां मिल चुकी थीं। लगातार सामने आ रही गैंगस्टर गतिविधियों और कारोबारियों को निशाना बनाकर की जा रही फायरिंग की घटनाओं ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
घटनाओं के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में फायरिंग, रंगदारी और गैंगस्टर गतिविधियां अब “नया सामान्य” बनती जा रही हैं।
माझा क्षेत्र के व्यापारियों ने भी लगातार बढ़ रही रंगदारी की धमकियों और कारोबारियों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता जताई है। पुलिस टीमों ने दोनों घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। देर रात तक किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।

