Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

ट्रंप ने फिर धमकाया, ईरान ने चेताया

पश्चिम एशिया संकट दोनों पक्षों की तल्खी से हालात बिगड़े

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
तेहरान में मंगलवार को अमेरिका-इस्राइल के हमले के बाद एक इमारत के मलबे को हटाते लोग। -रॉयटर्स
Advertisement

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने समझौता नहीं किया और होर्मुज जलडमरुमध्य नहीं खोला

तो मंगलवार रात ‘एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा’। इसके लिए उन्होंने वॉशिंगटन समय के अनुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे) तक की समयसीमा दी। हालांकि, समाधान की गुंजाइश रखते हुए ट्रंप ने यह भी कहा कि ‘अब जब पूरी तरह शासन परिवर्तन हो चुका है, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग आगे आए हैं, शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत बात हो सकती है।’ वहीं, ईरान ने चेताया कि ऐसा जवाब देंगे कि भूल नहीं पाओगे। ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी कि अगर ट्रंप अपनी धमकी को अंजाम देते हैं, तो ईरान अमेरिका और उसके सहयोगियों को वर्षों तक क्षेत्र के तेल और गैस से वंचित कर देगा तथा खाड़ी क्षेत्र में अपने हमलों का विस्तार करेगा।

Advertisement

इस बीच, अमेरिका और इस्राइल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए। इस्राइल ने फारसी भाषा में चेतावनी जारी करते हुए ईरानियों को दिन भर ट्रेनों से दूर रहने को कहा। हवाई हमलाें में ईरान में दो पुलों, एक रेलवे स्टेशन, पेट्रोकेमिकल उत्पादन परिसर और खोरमाबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। ईरान ने इस्राइल और सऊदी अरब पर मिसाइलें और ड्रोन दागे, जिसके चलते एक प्रमुख पुल को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि 1.4 करोड़ लोगों ने युद्ध लड़ने के लिए स्वेच्छा से अपनी सेवाएं देने की पेशकश की है और वह स्वयं भी उनके साथ शामिल होंगे। उधर, तुर्किये के इस्तांबुल में इस्राइली वाणिज्य दूतावास की इमारत के बाहर बंदूकधारियों ने पुलिस पर गोलीबारी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक हमलावर मारा गया, जबकि दो को घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।

Advertisement

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर चिंता जताई, जिसमें उन्होंने ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले की धमकी दी है। गुतारेस ने दोहराया कि नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर ऊर्जा से जुड़े ढांचे पर हमला नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून ऐसे हमलों की अनुमति नहीं देता, जिससे नागरिकों को अत्यधिक नुकसान होने की आशंका हो।

ईरान में भारतीयों को सलाह- जहां हैं, वहीं रहें

नयी दिल्ली (एजेंसी) : भारत ने मंगलवार को ईरान में अपने नागरिकों को अगले 48 घंटों तक ‘जहां हैं, वहीं रहने’ की सलाह दी। आपातकालीन परामर्श में, ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से घर के भीतर रहने तथा सैन्य ठिकानों, ऊर्जा ढांचों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से पूरी तरह दूर रहने का आग्रह किया।

Advertisement
×