ट्रंप का दावा: मैं हस्तक्षेप न करता तो 3.5 करोड़ लोग मारे जाते, भारत-पाक संघर्ष पर फिर दिया बड़ा बयान
Trump and Indo-Pak conflict: कहा- मैंने अपने कार्यकाल के पहले 10 महीनों में आठ युद्ध खत्म कराए
Trump and Indo-Pak conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने मंगलवार रात (स्थानीय समय) ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के दौरान दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के पहले 10 महीनों में आठ युद्ध खत्म कराए, जिनमें भारत-पाकिस्तान के बीच उपजा संघर्ष भी शामिल है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने उनसे कहा था कि यदि उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो लगभग 3.5 करोड़ (35 मिलियन) लोग मारे जाते।
‘न्यूक्लियर वॉर’ टलने का दावा
अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, “मेरे पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त किए... कंबोडिया और थाईलैंड... पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध हो सकता था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि 3.5 करोड़ लोग मारे जाते, अगर मेरा हस्तक्षेप नहीं होता।” यह संघर्ष पिछले वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद उत्पन्न हुआ था। हालांकि, भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान के साथ सैन्य कार्रवाई रोकने के फैसले में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी। भारत का कहना है कि संघर्ष विराम का अनुरोध पाकिस्तान के डीजीएमओ की ओर से आया था।
रूस-यूक्रेन और ईरान पर भी बयान
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि उनकी सरकार रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए “कड़ी मेहनत” कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि वह पहले राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध शुरू ही नहीं होता। ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि वह कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन अमेरिका “दुनिया के सबसे बड़े आतंक प्रायोजक” को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा।

