Top Companies Mcap: टॉप-10 कंपनियों में 2.20 लाख करोड़ की बढ़त, रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे आगे
Top Companies Mcap: छुट्टियों वाले हफ्ते में भी बाजार में हल्की तेजी; BSE Sensex 249 अंक चढ़ा, एयरटेल और TCS भी फायदे में
Top Companies Mcap: पिछले सप्ताह छुट्टियों के कारण कम कारोबारी सत्रों के बावजूद शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में चार के संयुक्त बाजार मूल्यांकन में 2.20 लाख करोड़ रुपये का उछाल आया। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे अधिक लाभ में रही।
पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 249.29 अंक या 0.32 प्रतिशत चढ़ा। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा, ''मिश्रित वैश्विक और घरेलू संकेतों के बीच उतार-चढ़ाव भरे और सीमित दायरे वाले कारोबारी माहौल को दर्शाते हुए बाजारों ने सप्ताह का अंत मामूली बढ़त के साथ किया।''
इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएम) और बजाज फाइनेंस लाभ में रहे। दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम के मूल्यांकन में कुल मिलाकर 1.24 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 1,39,655.8 करोड़ रुपये बढ़कर 19,36,303.30 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 43,503.51 करोड़ रुपये बढ़कर 11,49,222.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 45,364.62 करोड़ रुपये घटकर 9,04,980.78 करोड़ रुपये रह गया।
भारतीय स्टेट बैंक का मूल्यांकन 30,922.57 करोड़ रुपये गिरकर 9,85,829.96 करोड़ रुपये पर आ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

