NEET-UG के लिए हरियाणा में सुरक्षा का कड़ा घेरा, डबल फ्रिस्किंग से होगा प्रवेश
Haryana NEET Exam Security: 21 जून को हरियाणा के 19 जिलों में परीक्षा, हर केंद्र पर पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, नोट्स समेत प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी रोक
Haryana NEET Exam Security: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के लिए हरियाणा सरकार ने राज्यभर में बहुस्तरीय सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की है। 21 जून को होने वाली परीक्षा के दौरान 19 जिलों में पुलिस, प्रशासन और परीक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से व्यवस्था संभालेंगी।
परीक्षा केंद्रों पर डबल फ्रिस्किंग, CCTV निगरानी, क्विक रिस्पांस टीमों और विशेष ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। सरकार का फोकस परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को समय पर, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने अधिकारियों को नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नकल, परीक्षा में व्यवधान और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
19 जिलों में परीक्षा, केंद्रों पर रहेगा सुरक्षा घेरा
NEET-UG का आयोजन गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, रेवाड़ी, जींद, नूंह, भिवानी, पलवल, सिरसा और महेंद्रगढ़ में होगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और महिला-पुरुष फ्रिस्किंग टीमों की तैनाती की जाएगी।
डबल फ्रिस्किंग, हर 100 अभ्यर्थियों पर एक जांचकर्मी
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दो चरणों की जांच के बाद मिलेगा। पहली जांच केंद्र के बाहर पुलिस एवं होमगार्ड करेंगे, जबकि दूसरी जांच परिसर के भीतर होगी। हर 100 अभ्यर्थियों पर कम से कम एक फ्रिस्किंग कर्मी तैनात रहेगा। टीमों में आधी भागीदारी महिला कर्मचारियों की रखी गई है। हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टरों का भी उपयोग होगा।
मोबाइल से स्मार्ट वॉच तक पूरी तरह प्रतिबंधित
अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, टैबलेट, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, नोट्स, पुस्तकें, ढीले कागज और अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और CCTV व्यवस्था भी लागू रहेगी।
सभी जिलों में QRT टीम तैनात
प्रत्येक जिले में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी आपात स्थिति, यातायात बाधा, सुरक्षा शिकायत, नकल संबंधी सूचना या अभ्यर्थियों की सहायता की जरूरत पड़ने पर ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी।
नकल नेटवर्क और अफवाहों पर रहेगी नजर
परीक्षा से पहले और परीक्षा दिवस पर खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटर, होटल, लॉज, साइबर कैफे और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह, पेपर लीक या धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
ट्रैफिक प्लान और आपात सहायता भी तैयार
केंद्रों के आसपास पार्किंग और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। प्रत्येक जिले में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। किसी अभ्यर्थी को आपात स्थिति में परीक्षा केंद्र पहुंचने में परेशानी होने पर डायल-112 के जरिए सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।

