मलेशिया से बंबीहा गैंग के तीन वांछित गुर्गे डिपोर्ट, IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
हत्या, रंगदारी, विस्फोटक और लुधियाना में हैंड ग्रेनेड धमाके की साजिश के मामलों में थे वांछित; पंजाब पुलिस की ओएफटीईसी टीम ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से कराया डिपोर्ट
पंजाब पुलिस ने विदेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया से देविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांछित आरोपियों को डिपोर्ट कराने में सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (OFTEC) ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यह कार्रवाई की।
पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेशिया से डिपोर्ट किए गए तीन आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बहिबल, अजॉय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पंजाब में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे।
हत्या से लेकर विस्फोट की साजिश तक के आरोप
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, रंगदारी, विस्फोटक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपियों पर लुधियाना में हैंड ग्रेनेड धमाका करने की साजिश में शामिल होने का भी आरोप है। इस मामले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की बात सामने आई है।
𝐏𝐮𝐧𝐣𝐚𝐛 𝐏𝐨𝐥𝐢𝐜𝐞 𝐚𝐜𝐡𝐢𝐞𝐯𝐞𝐬 𝐚 𝐦𝐚𝐣𝐨𝐫 𝐛𝐫𝐞𝐚𝐤𝐭𝐡𝐫𝐨𝐮𝐠𝐡 𝐚𝐠𝐚𝐢𝐧𝐬𝐭 𝐭𝐫𝐚𝐧𝐬𝐧𝐚𝐭𝐢𝐨𝐧𝐚𝐥 𝐨𝐫𝐠𝐚𝐧𝐢𝐬𝐞𝐝 𝐜𝐫𝐢𝐦𝐞 𝐚𝐬 #𝐎𝐅𝐓𝐄𝐂 (𝐎𝐯𝐞𝐫𝐬𝐞𝐚𝐬 𝐅𝐮𝐠𝐢𝐭𝐢𝐯𝐞 𝐓𝐫𝐚𝐜𝐤𝐢𝐧𝐠 𝐚𝐧𝐝 𝐄𝐱𝐭𝐫𝐚𝐝𝐢𝐭𝐢𝐨𝐧 𝐂𝐞𝐥𝐥) 𝐨𝐟 𝐭𝐡𝐞…
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) August 19, 2026
दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
मलेशिया से डिपोर्ट किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब पुलिस अब उन्हें पंजाब लाकर आगे की जांच करेगी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई विदेशों में छिपकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
विदेश में छिपे अपराधियों पर पुलिस की नजर
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस ट्रांसनेशनल संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिपें, पुलिस उन्हें ट्रैक कर न्याय के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

