जो मुझसे डिग्री मांगते हैं, वे PM से भी सवाल करें; मोदी का नाम लेकर CJP संस्थापक ने उठाए सवाल, कहा- नेताओं की पढ़ाई भी हो पब्लिक
किसकी B टीम? पर CJP का पलटवार, बोले- हम छात्रों की A टीम हैं
PM Modi Degree : महाराष्ट्र की राजनीति में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर चल रही ‘B टीम’ की बहस अब और तेज हो गई है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें संगठन को कांग्रेस या आम आदमी पार्टी की ‘B टीम’ बताया जा रहा है। दीपके ने साफ कहा कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि छात्र और शिक्षा व्यवस्था है।
पहले तय कर लें, मैं किसकी B टीम हूं
दीपके ने आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उन्हें कांग्रेस की B टीम बताते हैं, जबकि कुछ लोग आम आदमी पार्टी से जोड़ते हैं। ऐसे में विरोधी दल पहले आपस में तय कर लें कि वह आखिर किसकी B टीम हैं। उनके मुताबिक, “हम छात्रों की A टीम हैं।”
सरकारी स्कूलों को लेकर अभियान
दीपके ने कहा कि सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की मुहिम को किसी एक राजनीतिक संगठन से जोड़ना ठीक नहीं है। उनके अनुसार, शिक्षा बच्चों और देश के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। जो भी व्यक्ति स्कूलों की स्थिति सुधारना चाहता है, उसे इस अभियान में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में केवल आम आदमी पार्टी ही नहीं, बल्कि शिवसेना और एनसीपी से जुड़े नेता भी काम कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों का राजनीतिक चश्मे से मूल्यांकन करने के बजाय उनका स्वागत किया जाना चाहिए।
डिग्री को लेकर भी उठाए सवाल
CJP संस्थापक ने सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि चुनाव लड़ने वाले और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को अपनी शैक्षणिक जानकारी सार्वजनिक रखने के लिए तैयार रहना चाहिए। इसी मुद्दे पर दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि जो लोग उनसे उनकी डिग्री पूछ रहे हैं, उन्हें सार्वजनिक जीवन में मौजूद अन्य नेताओं की शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाना चाहिए।
CJP-D का फोकस पारदर्शिता और जवाबदेही
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब CJP-D के संस्थापक मनीष ब्रह्मभट्ट ने संगठन को पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक निर्णय प्रक्रिया पर केंद्रित मंच के रूप में पेश किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को किसी नेता या पार्टी की टीम में बदलने से बचने की अपील की।

