जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं देने में क्यों आई कुछ समय के लिए दिक्कत, रेलवे ने बताई वजह
रेलवे ने कहा- उद्घाटन समारोह के लिए लगाए गए अस्थायी ढांचे हटाने और मरम्मत के कारण कुछ सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद रहीं, अधिकांश सेवाएं बहाल
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन के अगले दिन यात्रियों द्वारा कई सुविधाएं बंद होने की शिकायतों के बाद रेलवे ने स्थिति स्पष्ट की है। रेलवे का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद स्टेशन पर बहाली और पुनर्स्थापना का कार्य चलने के कारण कुछ सुविधाएं अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं थीं।
फिरोजपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे संपन्न हुए उद्घाटन समारोह में लगभग 4,000 से 5,000 लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के लिए एजेंसी ने स्टेशन परिसर में डिजीसेट, एलईडी स्क्रीन, अस्थायी वायरिंग, बेंच और अन्य अस्थायी व्यवस्थाएं की थीं।
उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के दौरान किसी प्रकार की क्षति से बचाने के लिए एस्केलेटर और लिफ्टों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया था।
डीआरएम के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रेलवे ने सबसे पहले स्टेशन की सफाई और सुविधाओं की बहाली का कार्य शुरू किया। शनिवार शाम अधिकारियों ने स्टेशन का निरीक्षण किया, तब तक अधिकांश सुविधाएं बहाल की जा चुकी थीं। रविवार को भी टीमें स्टेशन का दौरा कर शेष कार्य पूरा कराने में जुटी हैं।
एसी वेटिंग हॉल क्यों रहा बंद?
रेलवे ने स्पष्ट किया कि ग्राउंड फ्लोर स्थित वातानुकूलित प्रतीक्षालय प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के उपयोग में था। इसके साथ लगे शौचालयों की सफाई और बहाली का कार्य पूरा होने के बाद ही इसे यात्रियों के लिए दोबारा खोला जाएगा।
सुविधाओं के संचालन पर भी दी सफाई
संजय कुमार ने बताया कि पुनर्विकसित स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर और अन्य उपकरणों की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि के दौरान उनकी तकनीकी जिम्मेदारी ठेकेदार की है, जबकि इनका दैनिक संचालन रेलवे द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नए स्टेशन पर पहले की तुलना में कहीं अधिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनके बेहतर संचालन के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी।
गौरतलब है कि स्टेशन के उद्घाटन के अगले दिन यात्रियों ने शिकायत की थी कि वेटिंग हॉल, एस्केलेटर और अन्य यात्री सुविधाएं बंद थीं, जबकि स्टेशन का उद्घाटन हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया था।

