PM ने दिखाई हरी झंडी, मगर पहले दिन पटरी पर नहीं दौड़ी हाइड्रोजन ट्रेन, कल से चलेगी; अब यात्रियों की होगी असली परीक्षा
Hydrogen Train: रेलवे हाइड्रोजन ट्रेन को रविवार से नियमित संचालन में उतारेगा, ट्रेन के समय में भी बदलाव
Hydrogen Train: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से हरी झंडी दिखाने के एक दिन बाद शनिवार को ट्रेन पटरी पर नहीं दौड़ी। अब रेलवे इसे रविवार से नियमित संचालन में उतारेगा। इसके साथ ही ट्रेन के समय में भी बदलाव किया गया है।
पहले जींद से सोनीपत के लिए सुबह करीब 5:30 बजे जींद जंक्शन से चलने वाली ट्रेन अब सुबह 7:40 बजे रवाना होगी। जींद- सोनीपत के बीच जींद से ट्रेन के पहले फेरे की टाइमिंग में इस बड़े बदलाव की पुष्टि पिंडारा जंक्शन के एएसएम कुलदीप जागलान ने की।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने के साथ अब सबसे बड़ी नजर इस बात पर रहेगी कि इसे रोजाना कितने यात्री मिलते हैं, क्योंकि जिस रेलखंड पर यह ट्रेन शुरू की गई है, उसी रूट पर वर्ष 2016 से चल रही ट्रेन पर्याप्त यात्रियों के लिए लगातार तरसती रही हैं। यात्रियों की कम संख्या के कारण यह रूट लंबे समय से रेलवे के लिए घाटे का सौदा बना हुआ है।
पिंडारा से नहीं मिलते पर्याप्त संख्या में यात्री
इस रेल रूट पर सबसे दिलचस्प स्थिति पिंडारा जंक्शन की है। यहां से औसतन 60 से 70 से अधिक यात्री नहीं मिलते। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन लोगों को कितना आकर्षित कर पाती है और क्या नई तकनीक के कारण इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ती है।
रेलवे के सामने केवल नई तकनीक को सफल बनाने की ही चुनौती नहीं है, बल्कि इस ट्रेन को पर्याप्त यात्री उपलब्ध कराना भी बड़ी चुनौती होगी। इससे पहले इसी रूट पर सीएनजी ट्रेन भी चलाई गई थी, लेकिन उसे भी अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल सके। अब हाइड्रोजन ट्रेन के नियमित संचालन के साथ रेलवे की निगाह पहले ही दिन से यात्री संख्या पर रहेगी।
पीएम ने दिखाई थी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस परियोजना को भारतीय रेल की भविष्य की तकनीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है। अब इसकी वास्तविक सफलता केवल तकनीक से नहीं, बल्कि रोजाना मिलने वाले यात्रियों से भी तय होगी।
आठ साल से यात्री बढ़ने का इंतजार
जींद-सोनीपत रेलखंड पर वर्ष 2016 से ट्रेन का संचालन हो रहा है, लेकिन इस दौरान यात्री संख्या अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी। कई स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बेहद सीमित रही। अब हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने के बाद रेलवे को उम्मीद है कि नई तकनीक और राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के कारण इस रूट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
बदली टाइमिंग, अब सुबह 7:40 बजे होगी रवाना
हाइड्रोजन ट्रेन के नियमित संचालन के साथ समय में भी बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रेन सुबह करीब 5:30 बजे जींद से सोनीपत के लिए रवाना होती थी। अब रविवार से इसका निर्धारित समय सुबह 7:40 बजे रहेगा। बदले हुए समय से दैनिक यात्रियों की संख्या पर क्या असर पड़ता है, इस पर भी रेलवे की नजर रहेगी।
फोटो। जींद-सोनीपत रेल मार्ग का पिंडारा जंक्शन, जिस पर रविवार से हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा।

