Share Market: होर्मुज संकट की आहट से बाजार सहमा, सेंसेक्स 227 अंक लुढ़का, रुपया भी टूटा
Share Market: होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंता, ब्रेंट 90 डॉलर के पार; रुपया 13 पैसे फिसलकर 95.56 प्रति डॉलर पर
Share Market: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आने के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निकासी से भी शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 226.60 अंक टूटकर 77,028.56 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 120.40 अंक फिसलकर 24,053.55 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाइटन के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कोटक महिंद्रा बैंक और भारती एयरटेल के शेयर में भी बढ़त दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 2.33 प्रतिशत बढ़कर 90.19 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,039.80 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध बिकवाली की। सेंसेक्स शुक्रवार को 330.92 अंक और निफ्टी 84.80 अंक चढ़कर बंद हुआ था।
वहीं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक तनाव के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.56 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाए जाने के आसार के बीच अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ा और डॉलर में व्यापक मजबूती आई। इससे निवेशकों की धारणा और प्रभावित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.56 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे की गिरावट है।
रुपया शुक्रवार को दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 99.62 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 1.34 प्रतिशत बढ़कर 89.28 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। अमेरिका द्वारा ईरान के लारक द्वीप पर हमले और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से पश्चिम एशिया में आपूर्ति जोखिम फिर बढ़ गया है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये तेल आपूर्ति को लेकर नयी चिंताएं पैदा हुई हैं। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 226.60 अंक टूटकर 77,028.56 अंक पर जबकि निफ्टी 120.40 अंक फिसलकर 24,053.55 अंक पर आ गया।

