Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

सरकारी स्कूल का जायजा लेने गया था युवा के परिवार पर हमला, पिता की पिटाई के बाद मौत; CJP ने की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

बंगाल: स्वयंसेवक के पिता की पिटाई के बाद मौत, सीजेपी ने तत्काल गिरफ्तारी की मांग की

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

School Theek Karo Campaign Attack : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने पश्चिम बंगाल में संगठन के एक स्वयंसेवक शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब मफीक की पिटाई के बाद मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की रविवार को तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सीजेपी के अनुसार, 25 वर्षीय हफीज सीजेपी के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल गए थे, जिसकी वजह से उनके परिवार के सदस्यों पर कथित रूप से हमला किया गया था।

सीजेपी ने एक बयान में कहा कि मफीक की शनिवार को मौत हो गई और कथित रूप से किये गये हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। सीजेपी ने बताया कि यह घटना बांकुड़ा जिले के करिसुंडा इलाके में हुई। हफीज ने 13 अगस्त को अपने गांव के स्थानीय सरकारी स्कूल में देशव्यापी 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे की स्थिति को देखा था। सीजेपी ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में पहचाने गए हथियारबंद लोग उसी शाम जबरन हफीज के घर में घुस गए।

Advertisement

बयान के अनुसार, अस्पताल से बनाए गए एक वीडियो में हफीज ने आरोप लगाया कि एक स्कूल शिक्षक ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उनके स्कूल के निरीक्षण के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद यह हमला हुआ। सीजेपी ने कहा कि कथित हमलावरों ने हफीज से एक वीडियो रिकॉर्ड कर स्कूल की स्थिति उजागर करने के लिए माफी मांगने और यह कहने को कहा कि उसने ऐसा बाहरी प्रभाव में आकर किया था। बयान में बताया गया, "जब हफीज ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो आरोप है कि उन लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।"

Advertisement

बयान के अनुसार, हफीज की गर्दन में गंभीर चोट आई, जबकि उनके पिता के सिर में किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट लगी। सीजेपी ने कहा कि हमले के बाद हफीज ने अस्पताल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उन्होंने अपनी चोटों को दिखाया। सीजेपी ने बताया कि हफीज के पिता ने बाद में 15 अगस्त को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सीजेपी के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने कहा, "हमें न तो चुप कराया जा सकता है और न ही डराया जा सकता है। हम बेहतर विद्यालयों के लिए लड़ते रहेंगे। सीजेपी हफीज और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। हम उनके पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं। हमारी टीम पश्चिम बंगाल जाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अब्दुल और उनके परिवार को न्याय मिले।"

दीपके ने सरकारी विद्यालयों की स्थिति को सामने लाने और विद्यालयों के बुनियादी ढांचे व शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से 'स्कूल ठीक करो' अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत नागरिकों को सरकारी विद्यालय जाने, उनकी स्थिति का जायजा लेने और कमियों को सार्वजनिक रूप से सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

Advertisement
×