Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

BJP के पास चुनाव जीतने को पैसे के सिवा कुछ नहीं... महिलाओं को 20 हजार देने की चर्चा पर अखिलेश का तंज

महिलाओं को 20 हजार रुपये की मदद की अटकलों के बीच अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोला

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
अखिलेश यादव। फ़ाइल फ़ोटो
Advertisement

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की मदद देने की सम्भावित घोषणा को लेकर मीडिया में आ रही खबरों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास ''पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है''। यादव ने 'एक्स' पर एक विस्तृत पोस्ट में इस प्रस्तावित योजना को भाजपा का ''एक और जुमला'' बताया और आरोप लगाया कि जो पैसा दिया जा रहा है, वह ''भाजपा की पाप की कमाई'' है।

यादव ने पोस्ट में कहा, ''समाचार : भाजपा का एक और जुमला उप्र की महिलाओं को देंगे 20000, विचार : भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है। वो भी भाजपा की पाप की कमाई है, जिसे उप्र की धर्म भीरू महिलाएं कभी नहीं लेंगी।'' सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जागरूक महिलाएं पूछ रही हैं कि जिन दूसरे राज्यों में महिलाओं को पैसे देने की घोषणा करके चुनाव जीता था, वहां एक तरफ तो देने से आनाकानी कर रहे हैं, दूसरी तरफ पैसे वापस मांग रहे हैं और जो लौटा नहीं पा रही हैं, उन महिलाओं पर भाजपा मुकदमे की कार्रवाई कर रही है।

Advertisement

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''देखा जाए तो आज जिस 50 हजार रुपये सालाना पैसे देने की बात भाजपा सरकार कर रही है, वो पैसे पिछले 10 साल में भी दे सकती थी, पर दिया नहीं। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं के हक-अधिकार के हजारों करोड़ रुपये अपने प्रचार पर खर्च करके सबको ठेंगा दिखा दिया।'' सपा अध्यक्ष ने दावा किया, ''50 हजार रुपये हर साल के हिसाब से भाजपा की भ्रष्ट सरकार पिछले 10 साल में महिलाओं के हिस्से के पांच-पांच लाख रुपये खा गई और अब केवल 20 हजार देने का जुमला परोस रही है।'' यादव ने कहा कि 20 हजार रुपये तो पांच लाख रुपये का केवल चार प्रतिशत हुआ, इसका मतलब यह है भाजपा के लोग महिलाओं के हक का 96 फीसद ''डकार'' गये। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, ''80:20 की बात करनेवालों ने तो 96:4 करके भ्रष्टाचार का सुपर रिकॉर्ड बना दिया।''

Advertisement

सपा प्रमुख ने कहा, ''भाजपा चुनाव में लड़ता दिखने के लिए 20 हजार रुपये दे भी दे, तो भी जनता के भाजपा सरकार पर चार लाख 80 हजार रुपये का बकाया निकलता है।'' उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनाक्रोश के डर से भाजपा के नेता, और कार्यकर्ता भूमिगत हो गये हैं और यहां तक कि भाजपा से अब कोई टिकट भी नहीं लेना चाहता है। यादव ने कहा, ''मंदिर में चोरी और (संसद मार्च के दौरान) बच्चों पर हमले के बाद भाजपा के पास न तो नैतिकता बची, न साहस इसीलिए वो पैसे का सहारा ले रहे हैं।'' उन्होंने प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये देने से शुरूआत करने का ऐलान करते हुए कहा कि इस धनराशि में हर साल 'बढ़ोत्तरी' की जाएगी।

Advertisement
×