Temple Hall Collapse : महाराष्ट्र के मंदिर में बड़ा हादसा; भगवान के दर्शन करने पहुंचे थे भक्त, अचानक गिरी छत और मच गया हड़कंप
महाराष्ट्र: परभणी जिले में मंदिर की छत का एक हिस्सा गिरने से पांच लोगों की मौत, कई घायल
Temple Hall Collapse : महाराष्ट्र में परभणी जिले के यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परभणी हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया। छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर यशवाड़ी गांव मानवत मार्ग पर स्थित है।
एक अधिकारी ने बताया, "मंदिर के सभा-मंडप (बाहरी हॉल) की छत का हिस्सा अपराह्न साढ़े तीन बजे गिर गया। पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और अब तक लगभग 25 लोगों को बचाया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शनिवार के कारण मंदिर में भक्तों की भीड़ थी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परभणी में हुई घटना पर दुख जताया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''महाराष्ट्र के परभणी में दीवार ढहने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भक्तों की मौत पर दुख जताया और कहा कि घायलों का इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

