T20 World Cup : पाकिस्तान का U Turn, 15 फरवरी को भारत से खेलेगा मुकाबला
मित्र देशों के हस्तक्षेप के बाद बदला रुख
T20 World Cup : टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने मैच के बहिष्कार का फैसला वापस लेते हुए अपनी टीम को मैदान में उतरने की अनुमति दे दी है। इस फैसले के साथ ही टूर्नामेंट पर छाया असमंजस खत्म हो गया है।
पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक बयान में कहा कि बहुपक्षीय चर्चाओं के सकारात्मक नतीजों और मित्र देशों के अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि यह कदम क्रिकेट की भावना की रक्षा और वैश्विक खेल की निरंतरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। साथ ही पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के निर्धारित मुकाबले में हिस्सा ले।
इस फैसले की पृष्ठभूमि में बांग्लादेश और श्रीलंका की अहम भूमिका रही। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने ढाका से जारी बयान में पाकिस्तान से अपील की थी कि वह खेल के व्यापक हित में इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में हिस्सा ले। वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ Shehbaz Sharif से फोन पर बातचीत कर मौजूदा गतिरोध को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने का आग्रह किया।
आईसीसी से बातचीत, बांग्लादेश को राहत
सरकारी घोषणा से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी Mohsin Naqvi ने प्रधानमंत्री को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ( ICC) के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी थी, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी शामिल था। नक़वी ने पहले संकेत दिया था कि अंतिम निर्णय आने में समय लग सकता है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था, जिसके चलते उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इसके बाद आईसीसी ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी तरह का वित्तीय, खेल या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। साथ ही 2028 से 2031 के बीच किसी वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी बांग्लादेश को देने पर भी सहमति बनी है।
नक़वी ने यह भी साफ किया कि पीसीबी किसी अंतरराष्ट्रीय दबाव में नहीं झुका है। उन्होंने कहा कि बोर्ड किसी भी संभावित प्रतिबंध से भयभीत नहीं है। बातचीत के दौरान भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट और बांग्लादेश के साथ त्रिकोणीय सीरीज जैसे प्रस्ताव भी रखे गए, हालांकि त्रिकोणीय सीरीज के प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।

