Swine Flu Alert : मौसम बदला तो स्वाइन फ्लू का खतरा भी बढ़ा, खांसी-बुखार में भीड़ से रहें दूर; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हाथ मिलाने और संपर्क वालेअभिवादन से भी बचने की सलाह... खांसी-छींक में मुंह ढकें, हाथ धोते रहें; बिना चिकित्सकीय सलाह न लें दवा
Swine Flu Alert : मौसम में बदलाव के साथ स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद हरियाणा में लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने खास तौर पर कहा है कि बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण दूसरों तक न पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक स्वाइन फ्लू के लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द, कमजोरी और भूख कम लगना शामिल हैं। कुछ मामलों में जी मिचलाना, उल्टी और दस्त भी हो सकते हैं। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि यदि बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण दिखाई दें तो सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें। इससे संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल से ढकने तथा हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोने की सलाह दी गई है।
हाथ मिलाने से लेकर सार्वजनिक जगह थूकने तक से बचें
एडवाइजरी में हाथ मिलाने अथवा दूसरे संपर्क वाले अभिवादन से बचने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से भी परहेज करने को कहा गया है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, पौष्टिक भोजन लेने और पर्याप्त नींद व आराम करने पर भी जोर दिया है।
बिना डॉक्टर के न लें दवा
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खास तौर पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां नहीं लेने की सलाह दी है। स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही के बजाय चिकित्सक से संपर्क कर उचित जांच और उपचार कराने को कहा गया है।

