Sukhbir Badal Attack: शिअद नेता सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में निहंग ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती, हमलावर हिरासत में
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक निहंग ने हमला कर दिया। हाथ में चोट लगने के बाद सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल ले जाया गया है।...
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक निहंग ने हमला कर दिया। हाथ में चोट लगने के बाद सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल ले जाया गया है। यह जानकारी नांदेड़ पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि जब बादल गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत जा रहे थे, तब एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि बादल पर हमला दोपहर लगभग एक बजकर 45 मिनट पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, बादल को इलाज के लिए तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इससे पहले दिन में, बादल अकाली दल की सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गए थे।
सुखबीर बादल नांदेड़ में एक गुरुद्वारे के निकट मौजूद थे, तभी उन पर हमला हुआ। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उन्हें किस तरह की चोटें आई हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति कैसी है, इस संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हमले के कारणों की जानकारी नहीं
हमले के कारण और इसके पीछे कौन लोग थे, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित अधिकारी घटना की जानकारी जुटा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।
2024 में भी हुआ था जानलेवा हमले का प्रयास
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब परिसर में सेवा के दौरान भी गोली चलाकर हमला करने का प्रयास किया गया था। उस दौरान हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया था।
फिलहाल नांदेड़ में हुई घटना को लेकर सुखबीर बादल की स्वास्थ्य स्थिति और हमले से संबंधित आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जानकारी सामने आने के साथ खबर को अपडेट किया जाएगा।

