Sukesh Letter to AAP : मैं आप सभी को बेनकाब कर दूंगा... ठग सुकेश का केजरीवाल को पत्र, तीन और बड़े घोटालों के खुलासे की धमकी
ठग सुकेश ने केजरीवाल को पत्र लिख तीन और 'बड़े घोटालों' का पर्दाफाश करने की धमकी दी
Sukesh Letter to AAP : कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर ने वीरवार को जेल से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को एक पत्र लिखकर तीन और बड़े घोटालों का खुलासा करने की धमकी दी है। पत्र में कहा गया है, ''प्रिय केजरीवाल जी, सत्येंद्र जी और 'प्रॉक्सी पार्टी', आपके भ्रष्टाचारों को उजागर करने के लिए एक और कदम। सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 2021-22 में किए गए खुलासे सही साबित हुए हैं। अब 'शराब नीति' मामले के बाद अगला नंबर 'जल बोर्ड' का है। अभी तीन और मामले बाकी हैं, और अब ये उजागर होंगे।''
इसमें कहा गया है, ''आपके तीन और 'घोटालों' और 'भ्रष्टाचार' का तीन अन्य महत्वपूर्ण विभागों में जल्द ही खुलासा किया जाएगा, चिंता मत कीजिए। जल्द ही 'आप'- 'एनीटाइम, ऑलवेज पार्टी ऑफ स्कैम'-की पहचान घोटालों की पार्टी के रूप में और मजबूत होगी। पंजाब के लोगों को फिर से बेवकूफ बनाने की बात भूल जाइए; जनता आप सभी को करारा सबक सिखाने वाली है। जैसा दिल्ली में हुआ, वैसा ही पंजाब में भी होगा। पंजाब की जनता आपके अहंकार और आपकी घोटालेबाज पार्टी को इससे भी जोरदार तरीके से नकार देगी।''
इसमें कहा गया है कि केजरीवाल के प्रॉक्सी द्वारा देश के युवाओं या 'जेन जी' को भड़काने की चाल काम नहीं करेगी और सुकेश किसी भी अन्य चीज से पहले पूर्व मुख्यमंत्री का पर्दाफाश करेगा। मैं आपको एक संकेत देकर कुछ स्पष्ट कर दूं- 'आप और आपके प्रॉक्सी संस्थापक'। उम्मीद है, आपको 2015 और 2016 में मेरे साथ अपने जुड़ाव की याद होगी। हो सकता है कि आप लोगों को 'डेलुलुलु' (भ्रम) हो, लेकिन मुझे सब याद है। मैं जल्द ही आपको चौंकाऊंगा।''
इसमें कहा गया है, ''मैं आप लोगों को अपने छोटे भाई-बहनों को बेवकूफ नहीं बनाने दूंगा, जो हमारे देश का भविष्य और हमारे युवा हैं। तो केजरीवाल जी, सत्येंद्र जी और आपकी 'प्रॉक्सी' पार्टी, मैं आप लोगों के पीछे आ रहा हूं, इस बार अंतिम वार करने के लिए। मैं आपको सबक सिखाऊंगा। मैं आप सभी को बेनकाब कर दूंगा।''

