Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव: सेंसेक्स सपाट, निफ्टी 24223 पर फिसला; रुपया 9 पैसे मजबूत

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 25.97 अंक टूटकर 77,506.51 और निफ्टी 5.75 अंक फिसलकर 24,223.10 पर आया, बाद में दोनों मामूली बढ़त पर लौटे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी बाजारों में तेज गिरावट के बीच निवेशकों के सतर्क रुख से सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी रही।

कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ करने के बाद 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में सपाट होकर 25.97 अंक टूटकर 77,506.51 अंक पर आ गया। इसी तरह, 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी भी शुरुआती बढ़त गंवाकर 5.75 अंक फिसलकर 24,223.10 अंक पर आ गया। बाद में दोनों सूचकांक फिर संभल गए और मामूली बढ़त के साथ कारोबार करने लगे।

Advertisement

बीएसई सेंसेक्स 62.60 अंक चढ़कर 77,595.14 अंक और निफ्टी 10.65 अंक की बढ़त के साथ 24,244.80 अंक पर कारोबार करने लगा। सेंसेक्स में 30 कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। वहीं इंटरग्लोब एविएशन, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ट्रेंट के शेयर नुकसान में रहे।

Advertisement

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं जबकि जापान का निक्की 225 गिरावट में है। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.30 प्रतिशत टूटकर 93.50 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 583.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 628.04 अंक और निफ्टी 153.55 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

रुपया शुरुआती कारोबार में नौ पैसे चढ़कर 95.65 प्रति डॉलर पर

रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में नौ पैसे चढ़कर 95.65 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों की चुनौती से भारत के लिए कमजोर डॉलर का असर कम हो रहा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.69 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में 95.65 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की बढ़त है। रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती बढ़त गंवाकर एक पैसे की गिरावट के साथ 95.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत टूटकर 98.74 पर आ गया। यह मई के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है।

Advertisement
×