Stock Market Today: ब्रेंट 103.85 डॉलर पर आया, सेंसेक्स 74483 पर खुला, रुपया 95.73 पर पहुंचा
Stock Market Today: कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में तेजी से शुक्रवार को सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त के साथ खुले
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 162.87 अंक की बढ़त के साथ 74,483.56 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 43.90 अंक चढ़कर 23,315.25 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से भारती एयरटेल, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन, एचडीएफसी बैंक और अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एचसीएल टेक और इन्फोसिस के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,208.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 21.86 अंक टूटकर और निफ्टी 53 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था।
रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 95.73 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे मजबूत होकर 95.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में खरीदारी और विदेशी बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में तेज बढ़ोतरी के बाद कच्चे तेल की कीमतों के 104 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भारतीय मुद्रा पर दबाव कम हुआ।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल भी रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.75 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में थोड़ा मजबूत होकर 95.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़त है।
रुपया बृहस्पतिवार को दो पैसे मजबूत होकर 95.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले चार सितंबर को 94.43 प्रति डॉलर के बंद भाव के बाद लगातार आठ सत्र में इसमें 150 पैसे यानी करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत टूटकर 99.97 पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

