Stock Market News: वैश्विक अनिश्चितता के बीच शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 172 अंक टूटा; रुपया 95.40 प्रति डॉलर
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका-ईरान तनाव का असर; निफ्टी भी 90 अंक फिसला, विदेशी निवेशकों ने बेचे 1,002 करोड़ रुपये के शेयर
Stock Market News: होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी गतिरोध के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि निवेशकों की धारणा अब भी कमजोर बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है।
ईरान ने 2029 तक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की चेतावनी दी है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज पर अमेरिका का नियंत्रण है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 172.48 अंक टूटकर 77,786.41 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 90.35 अंक की गिरावट के साथ 24,343.50 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और इन्फोसिस के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं इंटरग्लोब एविएशन, टेक महिंद्रा, इटर्नल और एनटीपीसी के शेयर में तेजी रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 87.89 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,002.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बुधवार को 187.90 अंक और निफ्टी 35.75 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 95.40 प्रति डॉलर पर
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 95.40 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि निवेशकों की धारणा अब भी कमजोर बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है।
ईरान ने 2029 तक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की चेतावनी दी है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज पर अमेरिका का नियंत्रण है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की गिरावट है।
रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.33 पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 100.01 पर रहा।

