Stock Market: शेयर बाजार में मामूली बढ़त, सेंसेक्स 86 अंक चढ़ा; रुपया 96 प्रति डॉलर के पार फिसला
फेड के रुख, विदेशी पूंजी की निकासी और एशियाई बाजारों के कमजोर संकेतों का असर; ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर के ऊपर
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स और निफ्टी बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में मामूली बढ़त में रहे। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर बढ़ोतरी और आगे भी दरें बढ़ाने के संकेतों के बाद बाजार में सतर्कता बनी रही। विदेशी पूंजी की निकासी और एशियाई बाजारों में कमजोर रुख ने भी शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार की बढ़त को सीमित किया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 86.49 अंक चढ़कर 74,422.94 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 50.1 अंक की बढ़त के साथ 23,267.70 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर बढ़त में रहे। वहीं एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा के शेयर गिरावट में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 बढ़त में रहे, जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,032.61 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि, अब भी यह ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। सेंसेक्स बुधवार को 332.63 अंक और निफ्टी 99 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में 96 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे, बाद में थोड़ा संभला
वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों की कमजोर धारणा से रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर 96 प्रति डॉलर से नीचे पहुंच गया। यह दो महीने से अधिक समय में पहली बार है जब रुपया इस स्तर से नीचे आया है।
घरेलू मुद्रा ने हालांकि, बाद में शुरुआती गिरावट की कुछ भरपाई की और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप के बाद 10 पैसे की बढ़त के साथ कारोबार करने लगा। विदेशी मुद्रा बाजार के विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ऊंची बनी हुई हैं और विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा भी मजबूत है। ऐसे में रुपये में काफी उतार-चढ़ाव रहने के आसार हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.88 प्रति डॉलर पर खुला।
शुरुआती कारोबार में टूटकर 96.10 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 19 पैसे की गिरावट है। रुपया 24 जुलाई के बाद पहली बार 96 के स्तर से नीचे आया। हालांकि शुरुआती सौदों के बाद रुपया थोड़ा संभलता हुआ 95.81 के स्तर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त है। रुपया बुधवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.91 पर बंद हुआ था। इसके साथ ही रुपये में लगातार सातवें सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा था। इससे पिछले छह सत्रों में रुपया 148 पैसे या 1.4 प्रतिशत से अधिक गिर चुका है।
चार सितंबर को रुपया 94.43 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 100.07 पर कारोबार करने लगा।

