Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Stock Market Crash: सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 216 अंक फिसला; रुपया भी कमजोर

Stock Market Crash: कच्चा तेल 100 डॉलर के पार रहने से बढ़ी चिंता, शुरुआती कारोबार में रुपया 11 पैसे टूटकर 95.84 प्रति डॉलर पर पहुंचा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Stock Market Crash: कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार करने के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 632.68 अंक टूटकर 74,189.55 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 216.15 अंक की गिरावट के साथ 23,222.55 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर 4.75 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व का शेयर 3.49 प्रतिशत गिरा। एक्सिस बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। हालांकि, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में बढ़त रही।

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.90 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था, लेकिन यह 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से ऊपर बना हुआ था और 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एशियाई बाजारों में निक्की 225 सूचकांक बढ़त में रहा, जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

Advertisement

अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,617.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। सेंसेक्स बुधवार को 299.17 अंक की बढ़त के साथ 74,828.25 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 117.80 अंक चढ़कर 23,446.80 अंक पर बंद हुआ था।

रुपया शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर 95.84 प्रति डॉलर पर

रुपये बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 11 पैसे टूटकर 95.84 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल और डॉलर दोनों मजबूत हुए, जिसका असर रुपये पर पड़ा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी पूंजी का प्रवाह घरेलू मुद्रा को सहारा देने में नाकाम रहा क्योंकि घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव और अमेरिकी मुद्रा में मजबूती बनी हुई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.84 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में दबाव में रहा। यह पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे टूटकर 95.73 पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले इसमें 16 पैसे की मजबूती आई थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 100.87 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.97 प्रतिशत नीचे था, लेकिन 102.08 डॉलर प्रति बैरल पर ऊंचे स्तर पर बना हुआ था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 506.43 अंक गिरकर 74,321.82 अंक पर जबकि निफ्टी 181 अंक टूटकर 23,266.15 अंक पर कारोबार कर रहा था।

एनएसई का शेयर करीब एक प्रतिशत बढ़त के साथ सूचीबद्ध

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयर में बृहस्पतिवार को कारोबार के पहले दिन करीब एक प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। शेयर 1,785 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर एनएसई का शेयर 1,800 रुपये पर खुला, जो निर्गम मूल्य से 0.84 प्रतिशत अधिक है। बाद में कारोबार के दौरान शेयर 3.36 प्रतिशत बढ़कर 1,845 रुपये पर पहुंच गया।

एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4,53,123 करोड़ रुपये रहा। देश के दूसरे सबसे बड़े आईपीओ के रूप में एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन करीब छह गुना अभिदान मिला था। संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग से आईपीओ को अच्छा समर्थन मिला।

यह पेशकश 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम था। एनएसई के आईपीओ ने 2022 में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 21,000 करोड़ रुपये के आईपीओ को पीछे छोड़ दिया। आईपीओ के लिए प्रति शेयर 1,700 से 1,785 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया था।

Advertisement
×