राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार का कहर: UP और MP में सड़क हादसों में 8 की मौत
Road Accident: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शुक्रवार देर रात और शाम हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने के कारण हुए इन हादसों में कुल आठ...
Road Accident: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शुक्रवार देर रात और शाम हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने के कारण हुए इन हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। एक घटना में वाहन तालाब में जा गिरा तो दूसरी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और वैन की जोरदार टक्कर हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज जारी है।
मध्य प्रदेश के भिंड में राष्ट्रीय राजमार्ग हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बस व वैन की टक्कर के कारण हुआ।
पुलिस के मुताबिक तड़के लगभग ढाई बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिमका गांव के पास हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर की दरी पर स्थित है।
पीटीआई-भाषा से बातचीत में गोहद चौराहा के थाना प्रभारी (एसएचओ) मनीष धाकड़ ने बताया कि खाली बस ने वैन को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल सात लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। धाकड़ ने बताया कि वैन में सवार लोग ग्वालियर से भिंड जा रहे थे, जबकि बस भिंड में बारातियों को पहुंचाने के बाद ग्वालियर लौट रही थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल कराया।
कानपुर देहात सड़क हादसा: तालाब में गिरी वैन, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बताया गया कि औरैया निवासी परिवार अपने रिश्तेदार के यहां कल्याणपुर में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहा था। हादसा शिवली क्षेत्र के सवाई गांव के पास, जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर हुआ। वैन में कुल 11 लोग सवार थे।
दरवाजे जाम होने से फंसे यात्री
अधिकारियों के अनुसार, वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरा और गहरे पानी में धीरे-धीरे डूबने लगा। बताया जा रहा है कि वैन के दरवाजे जाम हो गए, जिससे यात्री अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया
शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से वैन को बाहर निकाला गया और दरवाजे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलों को शिवली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
हादसे में राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), उनकी बेटी हिमांशी अग्निहोत्री (30) और दो वर्षीय पोते शिव अग्निहोत्री की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वैन चालक राजकुमार का अभी तक पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है।

